Sunday, May 19, 2024
Homeएमपीभोपाललोकसभा चुनावः मप्र की नौ सीटों पर मंगलवार को मतदान, 127 उम्मीदवारों...

लोकसभा चुनावः मप्र की नौ सीटों पर मंगलवार को मतदान, 127 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे 1.77 करोड़ मतदाता

भोपाल (हि.स.)। लोकसभा निर्वाचन-2024 के तीसरे चरण में मध्यप्रदेश के नौ संसदीय क्षेत्रों में मंगलवार (7 मई) को मतदान होना है। इन क्षेत्रों में 20 हजार 456 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 81 हजार से अधिक कर्मचारी मतदान संपन्न कराएंगे। तीसरे चरण की इन नौ लोकसभा सीटों पर 127 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और दिग्विजय सिंह भी शामिल हैं। इन नौ संसदीय क्षेत्रों में एक करोड़ 77 लाख 52 हजार 583 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने सोमवार को बताया कि लोकसभा निर्वाचन 2024 के तीसरे चरण में प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर मतदान का कार्यक्रम तय हुआ था, लेकिन इस बीच बैतूल लोकसभा सीट से बसपा उम्मीदवार के निधन के बाद यहां का चुनाव भी इस चरण में जोड़ा गया है। इस लिहाज से मंगलवार को भिंड, मुरैना, ग्वालियर, गुना, राजगढ़, भोपाल, विदिशा, सागर और बैतूल लोकसभा के लिए मतदान होगा। इन क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान सम्पन्न कराने के लिये सभी मतदान कर्मी अपने-अपने मतदान केन्द्रों में पहुंच गये हैं। मतदान केन्द्र पहुंचने पर सभी मतदान कर्मियों का स्थानीय लोगों द्वारा पुष्पहारों एवं शीतल जलपान से स्वागत किया गया।

प्रदेश में इस बार भी मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। पिछले चुनाव में प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया था, जबकि कांग्रेस के खाते में एक सीट गई थी। इस बार भाजपा जहां सभी 29 सीटें जीतने पर जोर लगा रही है, तो वहीं कांग्रेस ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

भोपाल लोकसभा सीटः यह एक हाईप्रोफाइल लोकसभा सीट है। 2019 के चुनाव में भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने दिग्विजय सिंह को बड़े अंतर से हराया था, लेकिन इस बार उनका टिकट काट कर भाजपा ने आलोक शर्मा को मौका दिया है। वहीं कांग्रेस ने अरुण श्रीवास्तव पर भरोसा जताया है। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 21 लाख 42 हजार 861 है, जिनमें पुरुष मतदाता 11 लाख 21 हजार 755 और महिला मतदाता 10 लाख 20 हजार 920 हैं।

गुना लोकसभा सीटः इस सीट पर मुकाबला शाही होने वाला है। भाजपा ने गुना लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को मैदान में उतारा है। साल 2019 के चुनाव सिंधिया को हार का सामना करना पड़ा था। इस बार फिर वे अपनी किस्मत आजमाएंगे। वहीं कांग्रेस ने यादवेंद्र सिंह यादव पर भरोसा जताया है। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 16 लाख 75 हजार 724 है। जिनमें पुरुष मतदाता 8 लाख 89 हजार 161 और महिला मतदाता 7 लाख 86 हजार 519 हैं।

राजगढ़ लोकसभा सीटः राजगढ़ निर्वाचन क्षेत्र पर मुकाबला रोमांचक होने वाला है। यहां कांग्रेस ने दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को पर भरोसा जताया है। वहीं भाजपा ने मौजूदा सांसद रोडमल नागर को ही प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर 2019 के लोकसभा चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 16 लाख 94 हजार 329 थी। जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 8 लाख 81 हजार 044 और महिला मतदाताओं की संख्या 8 लाख 13 हजार 259 है।

विदिशा लोकसभा सीटः इस सीट को भाजपा का गढ़ कहा जाता है। यहां इस बार प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भाजपा की टिकट पर मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के प्रतापभानु शर्मा से है। इस सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 17 लाख 41 हजार 604 है, जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 19 हजार 583 एवं महिला मतदाताओं की संख्या 8 लाख 21 हजार 976 है।

मुरैना लोकसभा सीटः भाजपा के शिवमंगल तोमर और कांग्रेस के सत्यपाल सिकरवार मुरैना लोकसभा सीट से आमने सामने हैं। यहां जातीय समीकरण निर्णायक साबित होने वाला है। यहां बसपा ने रमेश गर्ग को उतारा है जो प्रत्याशियों के सामने चुनौती खड़ी कर सकता है। इस सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 18 लाख 37 हजार 723 है, जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 99 हजार 047 और महिला मतदाताओं की संख्या 8 लाख 38 हजार 613 है।

ग्वालियर लोकसभी सीटः ग्वालियर लोकसभा सीट पर इस बार मुकाबला रोचक होने वाला है। भाजपा ने भारत सिंह और कांग्रेस ने प्रवीण पाठक को मैदान में उतारा है। इस सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 20 लाख 00 हजार 744 है, जिनमें महिला मतदाताओं की संख्या 9 लाख 20 हजार 960 है और पुरुष मतदाताओं की संख्या 10 लाख 79 हजार 718 है।

बैतूल लोकसभा सीटः इस आदिवासी बाहुल इलाके वाली लोकसभा सीट पर दोनों सियासी दलों के बीच मुकाबला रोचक होने वाला है। कांग्रेस ने बैतूल से रामू टेकाम को मौका दिया है। भाजपा ने दुर्गादास उइके पर फिर भरोसा जताया है। इस सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 17 लाख 37 हजार 437 है, जिनमें पुरुष मतदाता 8 लाख 97 हजार 538 और महिला मतदाता 8 लाख 39 हजार 871 हैं।

सागर लोकसभा सीटः इस सीट पर भाजपा ने लता वानखेड़े को मौका दिया है वहीं कांग्रेस ने चंद्रभूषण सिंह बुंदेला पर भरोसा जताया है। इस सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 15 लाख 83 हजार 129 है, जिनमें महिला मतदाता 7 लाख 41 हजार 823 और पुरुष मतदाता 8 लाख 41 हजार 269 हैं।

भिंड लोकसभा सीटः इस सीट पर कांग्रेस ने फूल सिंह बरैया को मैदान में उतारा है, उनका मुकाबला भाजपा उम्मीदवार और मौजूदा सांसद संध्या राय से है। इस सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 17 लाख 65 हजार 334 है, जिनमें पुरुष मतदाता 9 लाख 68 हजार 287 और महिला मतदाता 7 लाख 96 हजार 991 हैं।

संबंधित समाचार