Wednesday, May 1, 2024
Homeएमपीभोपालएमपी में दूसरे दिन होली के रंग में रंगे पुलिसकर्मी, डीजे की...

एमपी में दूसरे दिन होली के रंग में रंगे पुलिसकर्मी, डीजे की धुन पर जमकर किया डांस

भोपाल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में सोमवार को रंगों का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। बच्चों से लेकर बड़े तक होली के रंग में रंगे हुए नजर आए। इस दौरान पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था में जुटे रहे। वहीं, दूसरे दिन मंगलवार को राजधानी भोपाल समेत प्रदेशभर के पुलिस थानों में जमकर होली खेली गई। राजधानी में पुलिस लाइन नेहरू नगर से लेकर सुबह से ही थानों में रंग-गुलाल लगाकर पुलिस अधिकारी-पुलिसकर्मियों ने डीजे की धुन पर जमकर डांस किया। पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र समेत पुलिस के आला अधिकारियों ने होली मिलन समारोह में शामिल हो कर जमकर होली खेली।

दरअसल, आम लोग सुरक्षित रहकर होली का त्यौहार धूम-धाम से मना सकें, इसलिए पुलिसकर्मी हर साल होली के दूसरे दिन रंगों का त्यौहार मनाते हैं। होली के दिन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अलग-अलग जगह पर लगाई जाती है। जिससे शांतिपूर्ण तरीके से होली का पर्व मनाया जाए। आम जनता के शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने के बाद पुलिसकर्मी सालों से इसी तरीके से होली के दूसरे दिन होली मनाते आ रहे हैं। मंगलवार को पुलिसकर्मी अपना तनाव भुलाकर होली के पर्व में डूबे नजर आए। इस दौरान उन्होंने डीजे की धुन पर जमकर डांस किया और रंग-गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाई दी। सभी थानों में ऐसा ही नजारा देखा गया।

वहीं, इंदौर में भी मंगलवार को पुलिसकर्मियों ने डीआरपी लाइन में पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता के साथ जमकर होली खेली। पुलिस कमिश्नर गुप्ता का भी अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने होली के गीत गाये, जिस पर पुलिस के अधिकारी सहित पुलिस जवान भी जामकर डांस करते हुए दिखाई दिए। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर गुप्ता ने कहा कि होली का पर्व है। होली में किसी बड़े छोटे का भेदभाव नहीं होता है और सभी को एक दिन होली मनाने का मौका मिलता है। इस दिन सभी को होली मनाना चाहिए। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों ने जमकर होली का लुफ्त उठाया।

पुलिस लाईन जबलपुर में किया गया होली मिलन समारोह का आयोजन

पुलिस लाईन जबलपुर में आज 26 मार्च को प्रातः 10:30 बजे होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। होली मिलन समारोह में पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन जबलपुर अनिल सिंह कुशवाह (भापुसे), पुलिस उप महानिरिक्षक तुषार कांत विद्यार्थी (भापुसे)  तथा पुलिस अधीक्षक जबलपुर आदित्य प्रताप सिंह (भापुसे) सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुश्री सोनाक्षी सक्सेना (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध समर वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमति सोनाली दुबे एवं नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल श्रीमति प्रियंका करचाम, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव, नगर पुलिस अधीक्षक ओमती पंकज मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक रांझी विवेक कुमार गौतम, नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एचआर पाण्डे, नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर राजेश सिंह राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक कैट उदय भान सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक गढा देवेन्द्र प्रताप सिंह, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यायलय बीएस गोठरिया, उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुश्री आकांक्षा उपाध्याय, एसडीओपी सिहोरा सुश्री पारूल शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक यातायात मालवीय चौक संतोष कुमार शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक यातायात घमापुर श्रीमति संगीता डामोर, तथा रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य द्वारा शहर/देहात के समस्त थाना प्रभारियों एवं कर्मचारियों के साथ रंग गुलाल लगाकर एक दूसरे को होली की बधाई देते हुये हर्षोल्लास से होली खेली गयी।

पुलिस अधीक्षक जबलपुर आदित्य प्रताप सिंह (भापुसे) ने रंगों के त्यौहार होली पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि त्यौहार कोई भी हो पुलिस के सामने उन्हें शांति पूर्ण ढंग से सम्पन्न कराना हमेशा चुनोती रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मुस्तैदी का ही परिणाम है कि जबलपुर शहर ही नहीं बल्कि पूरे जिले में संस्कारधानी वासियों  ने होली का पर्व उमंग, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया, इस दौरान कहीं कोई विवाद की स्थिति नहीं बनी, न ही कोई गंभीर घटना घटित हुई। आपने जिले में पदस्थ सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसके लिये बधाई  दी।

पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन जबलपुर अनिल सिंह कुशवाह (भापुसे), पुलिस उप महानिरिक्षक तुषार कांत विद्यार्थी (भापुसे) ने भी सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को होली पर्व पर सजगकता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बधाई दी।

टॉप न्यूज