विषम परिस्थितियों के बावजूद ट्रांसको के अधिकारियों ने की 132 केवी मैहर-सतना लाइन ऊर्जीकृत

मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने 132 केवी सब स्टेशन सोनोरा सतना दो में अति उच्चदाब की एक नई लाइन को स्थापित कर ऊर्जीकृत किया। भूमि अधिग्रहण की जटिल समस्याओं सहित अन्य विषम परिस्थितियों के बावजूद  मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने काफी समय से लंबित इस लाइन का काम जिला प्रशासन सतना के सहयोग से पूरा कर सतना को अति उच्च दाब सप्लाई का एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराने में सफलता प्राप्त की है।

उल्लेखनीय है कि एडीबी योजना में सम्मिलित एवं इसका एकमात्र शेष कार्य 132 केवी सतना- दो सबस्टेशन हेतु 132 केवी सतना मैहर लाइन की लीलो लाइन का निर्माण कार्य गंभीर आरओडब्ल्यू (भूमि अधिग्रहण) समस्याओं के कारण संभव नहीं हो पा रहा था। यह कार्य अप्रैल 2016 में प्रारंभ हुआ था किंतु गंभीर आरओडब्ल्यू समस्याओं का निराकरण स्थानीय प्रशासन हेतु भी यह एक दुरूह कार्य बन चुका था।

अतः प्रबंधन ने सौरभ तिवारी (कार्यपालन अभियंता) की क्षमताओं को देखते हुए उन्हें विशेष रुप से इस कार्य हेतु चयनित किया एवं सतना पदस्थ किया। जहां उन्होंने अपनी अद्भुत कार्यकुशलता एवं प्रबंधन क्षमता का परिचय देते हुए लगातार प्रयास किए। कई बार ऐसा भी हुआ की साइट पर इन्हें संबंधित भू स्वामियों द्वारा घेर लिया गया और डराया धमकाया गया, किंतु इन्होंने अपनी योग्यता और अदम्य साहस का परिचय देते हुए लगातार प्रयास जारी रखें। सौरभ तिवारी लगातार न सिर्फ फील्ड पर डटे रहे बल्कि पुलिस प्रशासन एवं राजस्व प्रशासन के सतत संपर्क में रहे व उनका लगातार सहयोग प्राप्त करते हुए  लगातार कार्य आगे बढ़ाते रहे। 

मुख्य अभियंता अति उच्चदाब निर्माण राजकिशोर खंडेलवाल ने इस कार्य की सतत मॉनिटरिंग की एवं प्रशासन से संपर्क रखते हुए कार्यपालन अभियंता सौरभ तिवारी के साथ कार्य योजना संयोजित करते रहे, इसके फलस्वरूप गत दिवस अंततः इस लाइन का कार्य पूर्ण कर लिया गया।

मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने सतना जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के साथ सहयोग करने के लिए उनका आभार मानते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित  किया है। प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने कहा कि प्रशासन की मदद से ही सतना जिले के लिए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी यह अति महत्वपूर्ण कार्य पूरा कर सका।