बिजली कर्मियों की हड़ताल को दो नए संगठनों ने दिया समर्थन, मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा कामबंद आंदोलन

मध्य प्रदेश विद्युत अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ, मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ और बिजली आउटसोर्स कर्मचारी संघ के आंदोलन को मध्यप्रदेश राज्य विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन और अन्य कर्मचारी संगठनों ने भी समर्थन देने की घोषणा की है।

सागर, 21 मार्च, मध्यप्रदेश विद्युत अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ, मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ, मध्य प्रदेश आउटसोर्स कर्मचारी संगठन, मध्य प्रदेश बाह्य स्त्रोत विद्युत कर्मचारी संगठन और विंध्य आउटसोर्स कर्मचारी संगठन के प्रांतव्यापी आव्हान पर आज सागर में बिजली कर्मचारियों की काम बंद हड़ताल की शुरुआत हुई है।

आंदोलन को मध्यप्रदेश राज्य विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन और मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन (इंटक) का समर्थन भी प्राप्त हुआ है। आंदोलनरत कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में बिजली कंपनियों में कार्यरत संविदा अधिकारियों एवं कर्मचारियों का नियमितीकरण, आउटसोर्स कर्मचारियों का संविलियन कर उनके लिए एचआर पॉलिसी बनान और वेतन वृद्धि है।

सागर में आज आरंभ हुए आंदोलन में आज जिले भर सागर, बीना, बंडा, रहली, देवरी, केसली, गौरझामर, गढ़ाकोटा ,नरियावली,खुरई और इनके आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों संविदा और आउटसोर्स बिजली अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। आंदोलनरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों का कहना है कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा उनकी मांगों के निराकरण नहीं किया जाता है और आंदोलन आगे बढ़ता है तो क्षेत्र के साथ प्रदेश की विद्युत व्यवस्था लड़खड़ाना तय है।