Thursday, March 28, 2024
Homeएमपीऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बजाया मंजीरा, खेला बैडमिंटन, कहा- जनसेवा...

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बजाया मंजीरा, खेला बैडमिंटन, कहा- जनसेवा ही मेरा उद्देश्य

मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने विकास यात्रा के छटवें दिन कहा कि जनसेवा ही मेरा उद्धेश्य रहा है। विकास यात्रा के दौरान भी जनसेवा का ही कार्य किया जा रहा है। यह विकास यात्रा मेरे लिए जीवन दर्शन के समान है। श्री तोमर ने विकास यात्रा के दौरान लगभग दो करोड 72 लाख रूपए लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। उपनगर ग्वालियर के वार्ड 3 में निकली विकास यात्रा का शुभारंभ विनय नगर सेक्टर-4 कोटेश्वर तिराहे से हुआ।

ऊर्जा मंत्री ने कहा विकास यात्रा के दौरान विभिन्न विकास कार्यो के भूमिपूजन एवं लोकार्पण के साथ-साथ लाडली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित देवी स्वरूप कन्याओं को प्रमाण-पत्र एवं शासन की अन्य योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सम्मान के साथ हितलाभ दिए जा रहे है। ऊर्जा मंत्री ने विनय नगर सेक्टर-3 में विद्युत जोन पर 25 लाख की लागत से बनाये गए विद्युत उपभोक्ता सेवा केन्द्र का लोकार्पण किया तथा 11 लाख 50 हजार रूपये की लागत से बनने जा रहे कंट्रोल रूम के लिए नवीन भवन का भूमि-पूजन किया। उन्होंने कहा कि विनय नगर जोन को स्मार्ट जोन बनाया जा रहा है। इसके लिए उपभोक्ता सेवा केन्द्र बन गया है, जहाँ उपभोक्ताओं की समस्याओं का निराकरण 24 घंटे किया जाएगा। बिल, मीटर खराबी या लाइन की बजह से विद्युत में कोई समस्या आती है तो उसका निराकरण जल्द से जल्द किया जा सकेगा।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने क्षेत्र की पुरानी बस्तियों में बचपन के दिन याद करते हुए बच्चों के साथ बैडमिंटन का आनंद उठाया और बच्चों को नियमित पढ़ाई के साथ-साथ खेलने-कूदने की भी दी सलाह। उन्होंने कहा कि पहले कहावत थी कि “पढ़ोगे लिखोगे तो बनोगे नबाब और खेलोगे कूदोगे तो होगे खराब”, लेकिन वर्तमान समय में यह कहावत पूरी तरह से गलत साबित हुई है। हमारे देश के युवाओं ने खेल से न केवल अपना बल्कि अपने देश का नाम भी रोशन किया है।

प्रदेश भर में निकाली जा रही विकास यात्रा के दौरान 10 फरवरी शुक्रवार को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अपनी विधानसभा के वार्ड क्र.-3 विनयनगर में पहुँचे। आम जनों से मुलाकात करने के साथ ही विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया। भ्रमण के दौरान बच्चों को बैडमिंटन खेलता देख वे अपने आप को रोक नहीं पाए और एक बच्चे से रैकेट माँगकर बच्चों के साथ बैडमिंटन खेलने लगे। बच्चे भी प्रदेश के ऊर्जा मंत्री के साथ बैडमिंटन खेलते हुए न केवल उत्साहित थे बल्कि बहुत खुश भी थे। बच्चों को लग रहा था कि प्रदेश के मंत्री इतने सहज भी होते हैं कि वे बच्चों के साथ खेल सकते हैं। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में निकाली जा रही विकास यात्राओं के दौरान आम लोगों से संवाद के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। हमारे विधानसभा क्षेत्र में खेल गतिविधियों के विस्तार के लिये भी प्रदेश सरकार द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बच्चों से यह भी कहा कि वे खूब पढ़ें और खूब खेलें।

विकास यात्रा के साथ आगे बढ़ रहे ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को जब एक मंदिर से “जीवन की जुड़ गई डोर किशोरी तेरे चरणों में” भजन की संगीतमय धुन सुनाई पड़ी तो उनके कदम थम गए। ऊर्जा मंत्री मंदिर पहुँचे और अपने हाथों में मंजीरा थामकर स्थानीय निवासियों के साथ बैठ गए और झूमकर भजन गाए। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का आम आदमी जैसा सहज भाव व सहृदयता देखकर क्षेत्रीय निवासी गदगद हो गए। यह वाकया ग्वालियर शहर के विनयनगर क्षेत्र का है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत निकाली जा रही विकास यात्रा की अगुआई करते हुए वार्ड क्र.-3 में स्थित विनयनगर पहुँचे थे। इसी दौरान उन्हें यहाँ के बसैया माता मंदिर में भजन-कीर्तन की धुन सुनाई दी। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भजन गायन के दौरान न केवल मंजीरा बजाया बल्कि स्थानीय निवासियों को यह भी आभास कराया कि सरकार आपके हर सुख-दुख में सहभागी है।

टॉप न्यूज