Sunday, September 6, 2026
Homeखेल17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन अवॉर्ड, जाने यहाँ खिलाडियों की लिस्ट.....

17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन अवॉर्ड, जाने यहाँ खिलाडियों की लिस्ट…..

खेल मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी है। इस साल अलग-अलग खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। हालांकि, पुरस्कारों की घोषणा के साथ ही सबसे ज्यादा चर्चा मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार को लेकर हो रही है।

इस बार देश के सर्वोच्च खेल सम्मान के लिए किसी भी खिलाड़ी का चयन नहीं किया गया है। हॉकी खिलाड़ी हार्दिक सिंह का नाम खेल रत्न के संभावित दावेदारों में सामने आया था, लेकिन अंतिम सूची में उनका नाम नहीं है। लंबे समय बाद ऐसा मौका आया है जब खेल रत्न के लिए किसी खिलाड़ी की घोषणा नहीं हुई। इससे पहले 2014 में भी इस पुरस्कार के लिए किसी खिलाड़ी का चयन नहीं किया गया था।

17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार

इस साल 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार देने का फैसला किया गया है। इन खिलाड़ियों का चयन एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, शतरंज, हॉकी, कबड्डी, रोइंग, शूटिंग और पैरा-स्पोर्ट्स सहित कई खेलों में प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।

पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में तेजस्विन शंकर, प्रियंका गोस्वामी, मुहम्मद अजमल, नरेंद्र, विदित गुजराती, दिव्या देशमुख, धनुष श्रीकांत, राजकुमार पाल, सुरजीत, रुद्रांश खंडेलवाल, एकता भ्यान, अरविंद सिंह, अखिल श्योराण, ट्रीसा जॉली, गायत्री गोपीचंद, लालरेमसियामी और पूजा के नाम शामिल हैं। अर्जुन पुरस्कार खिलाड़ियों को लगातार बेहतर प्रदर्शन, खेल भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता जैसे मानकों पर दिया जाता है।

दिव्या देशमुख और तेजस्विन शंकर पर खास नजर

अर्जुन पुरस्कार की सूची में युवा शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख का नाम भी शामिल है। उन्होंने पिछले साल जॉर्जिया के बातुमी में महिला विश्व कप जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। वह महिला विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं और इसके बाद भारत की चौथी महिला ग्रैंडमास्टर बनने की उपलब्धि भी हासिल की।

एथलेटिक्स के तेजस्विन शंकर भी इस सूची में प्रमुख नाम हैं। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में डेकाथलॉन में कांस्य पदक हासिल कर इतिहास बनाया था। वह राष्ट्रमंडल खेलों के डेकाथलॉन में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने थे।

शतरंज और बैडमिंटन के सितारों को सम्मान

अर्जुन पुरस्कार की सूची में शतरंज के ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती भी शामिल हैं। बैडमिंटन में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी को यह सम्मान दिया जाएगा। मुक्केबाजी में नरेंद्र को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है, जिन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक हासिल किया था।

युवा डेफ राइफल शूटर धनुष श्रीकांत का नाम भी सूची में है। हॉकी में राजकुमार पाल और लालरेमसियामी, कबड्डी में सुरजीत और पूजा, शूटिंग में अखिल श्योराण तथा रोइंग में अरविंद सिंह को जगह मिली है। पैरा-स्पोर्ट्स से रुद्रांश खंडेलवाल और एकता भ्यान को भी इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया है।

अर्जुन पुरस्कार में इस बार क्रिकेटर गायब

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 में एक खास बात यह भी रही कि 17 अर्जुन पुरस्कार विजेताओं में एक भी क्रिकेटर नहीं है। भारतीय क्रिकेटरों को अर्जुन पुरस्कार मिलने का सिलसिला फिलहाल लगातार तीसरे साल नजर नहीं आया है। इससे पहले 2023 में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को अर्जुन पुरस्कार दिया गया था।

इसके बाद से इस श्रेणी में किसी क्रिकेटर का नाम शामिल नहीं हुआ है। खास बात यह है कि भारतीय क्रिकेट में लगातार कई खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है, इसके बावजूद इस साल अर्जुन पुरस्कार की सूची में क्रिकेट को जगह नहीं मिली।

24 खिलाड़ियों से घटकर 17 नामों पर मुहर

बताया गया है कि चयन प्रक्रिया के शुरुआती दौर में अर्जुन पुरस्कार के लिए 24 खिलाड़ियों के नामों की सूची तैयार की गई थी। बाद में समीक्षा और अंतिम मंजूरी के बाद 17 खिलाड़ियों के नाम तय किए गए। इस बार पुरस्कारों की घोषणा में देरी भी देखने को मिली।

आमतौर पर राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों का ऐलान पहले कर दिया जाता है, लेकिन इस बार चयन प्रक्रिया के दौरान अतिरिक्त समीक्षा की गई। मंत्रालय की ओर से योग्य खिलाड़ियों का चयन करने के साथ पुरस्कारों की प्रतिष्ठा और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

आई अरुमैनायगम को लाइफटाइम अर्जुन सम्मान

खेल के क्षेत्र में लंबे योगदान के लिए आई अरुमैनायगम को अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी के लिए चुना गया है। वह 1962 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय फुटबॉल टीम का हिस्सा रहे थे। लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने सक्रिय खेल करियर के बाद भी खेलों से जुड़े रहकर उसके विकास और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में योगदान दिया हो।

तीन कोचों को मिलेगा द्रोणाचार्य पुरस्कार

खिलाड़ियों के अलावा प्रशिक्षकों के योगदान को भी राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में सम्मान दिया गया है। इस साल परवीर सिंह को एथलेटिक्स, छोटे लाल यादव को बॉक्सिंग और नेहा चव्हाण को शूटिंग के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार देने का फैसला किया गया है।

बॉक्सिंग कोच छोटे लाल यादव भारतीय महिला बॉक्सिंग के राष्ट्रीय कैंप से जुड़े रहे हैं और दिग्गज मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम के सपोर्ट स्टाफ का भी हिस्सा रह चुके हैं। वहीं, कोचिंग के लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान के लिए धर्मेंद्र यादव को बॉक्सिंग और वीरेंद्र कुमार को कुश्ती के क्षेत्र में चुना गया है।

इस बार पुरस्कारों में दिखी खेलों की विविधता

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की सूची में एक बार फिर भारतीय खेलों की विविधता दिखाई देती है। एथलेटिक्स और हॉकी से लेकर शतरंज, बैडमिंटन, कबड्डी, बॉक्सिंग, शूटिंग, रोइंग और पैरा-स्पोर्ट्स तक के खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है।

हालांकि खेल रत्न के लिए किसी नाम का चयन नहीं होना इस साल के पुरस्कारों की सबसे बड़ी खबर बन गया है। दूसरी ओर, खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों को सम्मान देकर खेलों के पीछे काम करने वाले कोचों के योगदान को भी पहचान दी गई है।

Related Articles

Latest News