Tuesday, July 21, 2026
Homeखेलकेन्द्रीय कार्यालय जबलपुर और इंदौर ने दो-दो मैच जीतकर लीग में बनाई...

केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर और इंदौर ने दो-दो मैच जीतकर लीग में बनाई मजबूत स्थि‍ति

जबलपुर,। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी की केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में अंतरक्षेत्रीय विद्युत महिला क्रिकेट प्रतियोगिता से रामपुर स्थि‍त पाण्डुताल मैदान में प्रारंभ हो गई।

प्रतियोगिता का उद्घाटन एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन एवं केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव राजीव गुप्ता ने किया।

दो दिवसीय अंतरक्षेत्रीय विद्युत महिला क्रि‍केट प्रतियोगिता में केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर, जबलपुर क्षेत्र, इंदौर व श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह दोंगलिया (खंडवा) की टीमें भाग ले रही हैं।

आज केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर और इंदौर ने अपने मैच आसानी से जीत लिए। केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर ने जबलपुर क्षेत्र व श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह को और इंदौर ने जबलपुर क्षेत्र व श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह को पराजित कर लीग में महत्वपूर्ण अंक हासिल किए।

केन्द्रीय कार्यालय ने जबलपुर क्षेत्र को 8 विकेट से हराया-आज खेले गए पहले मैच में केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर ने टॉस जीतकर जबलपुर क्षेत्र को बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रि‍त किया।

जबलपुर क्षेत्र ने 8 ओवर में 52 रन बनाए। उनकी ओर से प्रिया ने 12 व भारती ने 14 रन बनाकर अपनी टीम की सफल बल्लेबाज रहीं।

केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर की ओर से नीता पटेल ने 2 व सुशीला ने एक विकेट लिए। केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर ने सिर्फ पांच ओवर में दो विकेट गवांकर विजयी लक्ष्य हासिल कर लिया। केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर की ओर से कप्तान मनीषा झारिया 21 व नीता पटेल 11 रन बनाकार नाट आउट रहीं।

इंदौर ने श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह को 8 विकेट से दी श‍िकस्त-दूसरे मैच में इंदौर ने श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह को 8 विकेट से पराजित किया।

श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह की टीम ने 8 ओवर में 44 रन बनाकर इंदौर को साधारण लक्ष्य दिया। इंदौर की ओर से नीरू के 23, रिंकी के 11 व सुमिता के 10 रन टीम की जीत के आधार बने।

इंदौर ने आसानी से जबलपुर क्षेत्र को हराया-आज खेले गए तीसरे मैच में इंदौर ने आसानी से जबलपुर क्षेत्र को 9 विकेट से पराजित कर दिया। जबलपुर क्षेत्र की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 22 रन पर ही सिमट गई।

रिंकी व नीरू ने एक-एक विकेट लिए और जबलपुर क्षेत्र के दो ख‍िलाड़ी रन आउट हुए। इंदौर ने सिर्फ एक विकेट खोकर विजयी लक्ष्य पा लिया। इंदौर की ओर से नीरू 11 व रिमी 9 रन बनाकर नाट आउट रहीं।

केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर ने श्री सिंगाजी को 9 विकेट से किया पराजित-आज केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर व श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह के मध्य खेला गया चतुर्थ मैच काफी कशमकश वाला रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह ने निर्धारित 8 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर 72 रन बनाए।

इस मैच में केन्द्रीय कार्यालय का क्षेत्ररक्षण खराब रहा। केन्द्रीय कार्यालय के ख‍िलाड़ियों ने सात कैच छोड़े। श्री सिंगाजी की ओर से निकिता 56 रन बनाकर नाट आउट रहीं। केन्द्रीय कार्यालय के सामने बड़ा लक्ष्य था।

उनकी ओर से मनीषा झारिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाट आउट 41 रन बनाए व मीना उइके ने 17 रन का योगदान दिया। नीता पटेल ने 13 रन का योगदान दिया। इन बल्लेबाजों के प्रदर्शन से केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर ने अंतत: इस मैच को 9 विकेट से जीत लिया।

आज खेले गए मैचों में सुबोध धांडे, अनिल शर्मा, संदीप बर्मन ने अम्पायरिंग की। पवन पटेल स्कोरर रहे।
आज के मैच-30 जनवरी को सुबह के सत्र में केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर व इंदौर क्षेत्र, जबलपुर क्षेत्र व श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह के मध्य खेला जाएगा।

दोपहर 2.30 बजे लीग में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के मध्य फाइनल मैच खेला जाएगा।

Related Articles

Latest News