Thursday, May 2, 2024
Homeखेलहरियाणा को हराकर दिल्ली ने जीता राष्ट्रीय महिला खो-खो प्रतियोगिता का फाइनल...

हरियाणा को हराकर दिल्ली ने जीता राष्ट्रीय महिला खो-खो प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला

बांदा (हि.स.)। बुंदेलखंड के बांदा में अतर्रा के तथागत ज्ञानस्थली सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चल रही चार दिवसीय अस्मिता खेलो इंडिया के तहत राष्ट्रीय महिला खो-खो प्रतियोगिता के अंतिम दिन दिल्ली और हरियाणा के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। जिसमें कड़े मुकाबले के बीच दिल्ली ने हरियाणा को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। प्रतियोगिता में 12 राज्यों की टीमें भाग ले रही थी। प्रतियोगिता में यूपी तीसरे स्थान पर रहा।

अस्मिता खेलो इंडिया सीनियर महिला खो-खो लीग सेमीफाइनल में दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान की टीमें पहुंची। प्रथम सेमीफाइनल हरियाणा बनाम उत्तर प्रदेश के बीच हुआ। जिसमें 18 पॉइंट से हरियाणा ने जीत दर्ज की। दूसरा सेमीफाइनल मैच दिल्ली बनाम राजस्थान के बीच हुआ। जिसमें दिल्ली ने 40 पॉइंट से जीत दर्ज की। तीसरा स्थान प्राप्त करने के लिए राजस्थान बनाम उत्तर प्रदेश के बीच मैच हुआ। जिसमें राजस्थान ने जीत हासिल की। इसके बाद दिल्ली बनाम हरियाणा के बीच फाइनल महा मुकाबला हुआ जो बहुत ही कांटे का रहा।

इन दोनों टीमों की तरफ से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी खेल रहे थे, इसलिए प्रतियोगिता बहुत ही रोमांचक रही। अंततः दिल्ली ने 13 पॉइंट से बाजी मारी और जीत दर्ज की। इस पूरी प्रतियोगिता में बेस्ट अटैकर नसरीन शेख जर्सी नंबर 7 दिल्ली रहीं, जो अभी 2023 में राष्ट्रपति द्वारा अर्जुन पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं। इसके साथ ही स्वर्ण पदक विजेता भी है। इसके बाद बेस्ट डिफेंडर शहनाज जर्सी नंबर 10 दिल्ली की रही। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट मीनू जर्सी नंबर 8 हरियाणा की रहीं और मोमेंट ऑफ द अवार्ड जर्सी नंबर 12 अंजू और जर्सी नंबर 13 पिंकी उत्तराखंड रहीं।

भारतीय खो-खो संघ के महासचिव महेंद्र सिंह त्यागी और विद्यालय के चेयरमैन शिव शरण कुशवाहा ने प्रथम स्थान प्राप्त दिल्ली को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मनोज गुप्ता रामलखन कुशवाहा चंद्रकला कुशवाहा ने दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली टीम हरियाणा को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। वहीं अशोक त्रिपाठी, लक्ष्मी कांत शुक्ला, डॉ. अजय कुमार गुप्त, वाशिफ ने तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली टीम राजस्थान को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उत्तर प्रदेश को रविंद्र शर्मा, विपिन राय, शिवानंद नायक, नरेंद्र त्यागी ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

टॉप न्यूज