Sunday, March 15, 2026
HomeखेलGenco Cricket League Season 3 : सेमीफाइनल में पहुंची हिटर्स, चार्जर्स,...

Genco Cricket League Season 3 : सेमीफाइनल में पहुंची हिटर्स, चार्जर्स, लीजेंड्स और रॉयल्स टीम

जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी (MPPGCL) के तत्वावधान में रामपुर परिसर स्थि‍त पाण्डुताल मैदान में आयोजित जेनको क्रि‍केट लीग सीजन-3 के सेमीफाइनल में लीजेंड्स, हिटर्स, रॉयल्स व चार्जर्स टीम प्रविष्ट हो गईं।

अब शुक्रवार 13 फरवरी को पहले सेमीफाइनल में हिटर्स व चार्जर्स और दूसरे सेमीफाइनल में लीजेंड्स व रॉयल्स के मध्य भ‍िड़ंत होगी। आज खेले गए महत्वपूर्ण लीग मुकाबले में लीजेंड्स ने चार्जर्स को 7 विकेट और हिटर्स ने रॉयल्स को 8 विकेट से हराया।

एडविन के हरफनमौला प्रदर्शन से लीजेंड्स की दमदार जीत–आज लीग के खेले गए रोमांचक मैच में चार्जर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया लेकिन लीजेंड्स की सधी हुई व अनुशासित गेंदबाजी के सामने उनका बल्लेबाजी क्रम बिखर गया। चार्जर्स की ओर से केवल कप्तान विनीत त्रिपाठी ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में असफल रहे।

लीजेंड्स के गेंदबाज अंकित एडविन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 महत्वपूर्ण विकेट झटके और विपक्षी टीम को निर्धारित 12 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर मात्र 55 रनों पर रोक दिया। कसी हुई गेंदबाजी और सटीक लाइन-लेंथ ने चार्जर्स को कभी भी खुलकर खेलने का अवसर नहीं दिया। 56 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लीजेंड्स की टीम ने संयमित शुरुआत की।

ओपनर अंकित एडविन स्पष्ट उद्देश्य के साथ मैदान में उतरे। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 26 गेंदों पर 44 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 3 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह लीजेंड्स की ओर मोड़ दिया।

संतुलित शॉट चयन और समझदारी भरी स्ट्राइक रोटेशन के चलते लीजेंड्स ने लक्ष्य को मात्र 7.2 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर 7 विकेट से शानदार विजय दर्ज की। गेंद और बल्ले दोनों से उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अंकित एडविन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।

हिटर्स ने संतुलित बल्लेबाजी कर रॉयल्स को किया पराजित-दूसरे लीग मुकाबले में हिटर्स ने टॉस जीतकर रॉयल्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। रॉयल्स की शुरुआत आक्रामक रही। कप्तान सुहैल मोहम्मद ने 9 गेंदों पर 11 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई, वहीं शुभांशु मीना ने 17 गेंदों पर 25 रनों की उपयोगी पारी खेलते हुए टीम को मजबूत आधार प्रदान किया।

हालांकि मध्यक्रम इस सशक्त शुरुआत को बड़े स्कोर में परिवर्तित करने में सफल नहीं हो पाया। निर्धारित 12 ओवर में रॉयल्स की टीम 7 विकेट के नुकसान पर 74 रन ही बना पायी। 75 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिटर्स की टीम ने संयम और आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की। शाहिद खान और कप्तान अतुल यादव ने पारी को संभालते हुए टीम को सधी हुई शुरुआत दी।

शाहिद खान ने 16 गेंदों पर 20 रनों की भरोसेमंद पारी खेली, जबकि कप्तान अतुल यादव ने 13 गेंदों में 17 रन जोड़कर लक्ष्य की ओर टीम को अग्रसर किया। रॉयल्स के गेंदबाज हिटर्स की सधी हुई बल्लेबाजी पर अंकुश लगाने में सफल नहीं हो पाए।

हिटर्स ने लक्ष्य को 17 गेंद व 8 विकेट शेष रहते हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शाहिद खान को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।

आज मैच के अंपायर सुबोध धांडे, संदीप बर्मन व मनोज कुमरे और स्कोरर सुशील पांडे, प्रणव देशमुख, प्रतीक कुंटे व मोहम्मद अयाज़उद्दीन रहे। जेनको क्रि‍केट लीग सीजन-3 के अंतर्गत 13 फरवरी को दोपहर 1.00 बजे पहला सेमीफाइनल हिटर्स व चार्जर्स टीम के मध्य और दूसरा सेमीफाइनल सायं 3 बजे से लीजेंड्स व रॉयल्स टीम के मध्य खेला जाएगा।

Related Articles

Latest News