Hockey India (हि.स.)। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित अभिषेक ने एक बार फिर खुद को भारत के शीर्ष हॉकी खिलाड़ियों में साबित किया है। उन्होंने 7वें वार्षिक हॉकी इंडिया अवॉर्ड्स में लगातार दूसरी बार प्रतिष्ठित हॉकी इंडिया धनराज पिल्लै अवॉर्ड फॉर फॉरवर्ड ऑफ द ईयर जीता। 25 वर्षीय यह प्रतिभाशाली फॉरवर्ड अपनी तेजतर्रार गोल-स्कोरिंग क्षमताओं के लिए जाने जाते हैं और 2024 में भारत की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर टीम के अहम सदस्य बने रहे। इस अवॉर्ड के साथ हॉकी इंडिया ने अभिषेक को 5 लाख रुपये की नकद राशि से भी सम्मानित किया।
अभिषेक ने 2024 पेरिस ओलंपिक में भारत को कांस्य पदक दिलाने में अहम योगदान दिया था, जहां उन्होंने दो महत्वपूर्ण गोल किए। इसके अलावा, उन्होंने 2024 पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (चीन) में भी भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस टूर्नामेंट के फाइनल में उन्होंने दो गोल दागे और भारत को पांचवीं बार खिताब दिलाने में मदद की।
अवॉर्ड मिलने पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए अभिषेक ने कहा, “यह अवॉर्ड सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ का है। हॉकी एक टीम गेम है, और हर खिलाड़ी की मेहनत इस तरह की उपलब्धियों में योगदान देती है। लगातार दूसरी बार यह सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए गर्व की बात है और मैं अपने साथियों व कोचों का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया।”
उन्होंने कहा, “हम पूरे साल कठिन ट्रेनिंग करते हैं और जब हमारी मेहनत को इस तरह की पहचान मिलती है, तो यह बहुत खास होता है। मेरा फोकस हमेशा भारत के लिए अधिक से अधिक गोल करने और टीम को जीत दिलाने पर रहेगा।”
अभिषेक को भारत सरकार द्वारा अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था, जो 2024 में भारतीय हॉकी में उनके योगदान का एक और बड़ा प्रमाण है। इस उपलब्धि को लेकर उन्होंने कहा, “अर्जुन पुरस्कार जीतना मेरे परिवार के लिए बहुत खास पल था लेकिन मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी का पल वह था जब मैंने भारत के लिए ओलंपिक पोडियम पर खड़े होकर मेडल जीता।”
भविष्य को लेकर अपने लक्ष्य साझा करते हुए अभिषेक ने कहा, “मेरा सबसे बड़ा सपना भारत को ओलंपिक स्वर्ण पदक और अगले साल हॉकी वर्ल्ड कप जिताना है। अगर हम ये मुकाम हासिल कर लेते हैं, तो अवॉर्ड्स खुद-ब-खुद मिलते रहेंगे। मैं भारतीय हॉकी के स्वर्णिम युग को वापस लाने के लिए अपना सबकुछ झोंक दूंगा।”