Thursday, October 22, 2026
Homeखेलसौरव गांगुली की बड़ी घोषणा- हर खिलाड़ी के पास होगा ‘प्रोफेशनल कोच’

सौरव गांगुली की बड़ी घोषणा- हर खिलाड़ी के पास होगा ‘प्रोफेशनल कोच’

नई दिल्ली,(हि.स.)। यूके की एआई और स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी कंपनी कबुनी ने सोमवार को भारत में अपने आधिकारिक लॉन्च की घोषणा की। कंपनी का मिशन है- हर बच्चे और खिलाड़ी को प्रोफेशनल स्तर की क्रिकेट कोचिंग तक पहुंच दिलाना, वह भी मोबाइल या कबुनी डिवाइस के ज़रिए।

कबुनी एक एआई और लैंग्वेज मॉडल आधारित स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म है, जो दशकों के क्रिकेट डेटा, खिलाड़ी की मूवमेंट और कोचिंग ज्ञान से सीखकर व्यक्तिगत और डेटा-आधारित ट्रेनिंग प्रदान करता है। यह प्लेटफॉर्म बल्लेबाज़ी के कवर ड्राइव से लेकर गेंदबाज़ी की हर ऐक्शन तक को तोड़कर रियल टाइम वीडियो, इमेज, टेक्स्ट और वॉइस फीडबैक के माध्यम से विश्लेषित करता है।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और कबुनी के ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर सौरव गांगुली (दादा) ने एक आधिकारिक बयान में कहाा, “गुणवत्तापूर्ण कोचिंग बच्चों को बेहतर और तेज़ सीखने में मदद करती है और उन्हें स्वस्थ जीवन की दिशा में ले जाती है। पहले इस स्तर की कोचिंग सिर्फ पेशेवर खिलाड़ियों तक सीमित थी, लेकिन अब यह सबके लिए उपलब्ध होगी।”

कबुनी के सह-संस्थापक और सीएफओ पैट्रिक बैडेनोच ने कहा, “चाहे सड़क पर खेलना हो, स्कूल ग्राउंड, नेट्स या क्रिकेट पिच- कबुनी हर खिलाड़ी को अपने खेल को रिकॉर्ड करने, व्यक्तिगत फीडबैक पाने और प्रगति का आनंद लेने का मौका देता है।”

कबुनी का विकास कैम्ब्रिज डिजाइन पार्टनरशिप के साथ मिलकर किया गया है, जो मानव प्रदर्शन और स्पोर्ट्स इनोवेशन के क्षेत्र में विश्व अग्रणी हैं। यह तकनीक सटीकता, सुरक्षा और सुलभता सुनिश्चित करती है — जमीनी स्तर से लेकर एलीट खिलाड़ियों तक।

कंपनी ने क्रिकेट से शुरुआत की है, लेकिन आगे चलकर टेनिस, गोल्फ, बैडमिंटन, टेबल टेनिस सहित कई अन्य खेलों में भी विस्तार की योजना है। इसका लक्ष्य है — खेल, फिटनेस और समुदायिक भागीदारी को जोड़ते हुए एक मल्टी-स्पोर्ट डिजिटल इकोसिस्टम तैयार करना।

गांगुली ने कहा, “भारत में क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि एक धर्म है। कबुनी दुनिया का पहला ऐसा डिजिटल इकोसिस्टम है जो वास्तविक खेल को डिजिटल रूप में कैद करता है। यह सीखने में खेल को शामिल करेगा और हर खिलाड़ी को उसके भीतर छिपे एथलीट को पहचानने में मदद करेगा।”

कंपनी के संस्थापक और सीईओ नीमेश पटेल ने कहा, “भारत फिट इंडिया मूवमेंट, 2030 के संभावित कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 ओलंपिक जैसे लक्ष्यों के साथ एक शानदार खेल भविष्य की ओर बढ़ रहा है। कबुनी अगले दशक में एक अरब भारतीयों को अधिक सक्रिय, स्वस्थ और खेलप्रेमी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।” कबुनी ने घोषणा की कि भारत अपनी कुल आमदनी का 1% हिस्सा देशभर में ग्रासरूट्स स्पोर्ट्स के विकास में लगाएगा।

Related Articles

Latest News