Team India : भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे वनडे मुकाबले में टीम इंडिया ने 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर नया कीर्तिमान बनाया, लेकिन साथ ही उसके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। भारतीय टीम 49.5 ओवर में ऑलआउट हो गई, जिससे वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि किसी टीम ने 400 से अधिक रन बनाए और फिर भी उसकी पूरी पारी ऑलआउट हो गई। यह रिकॉर्ड भारत के दमदार बल्लेबाजी प्रदर्शन के साथ एक दुर्लभ और चौंकाने वाले आंकड़े के रूप में दर्ज हो गया।
Team India :इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल महज 4 रन बनाकर दूसरे ओवर में ही आउट हो गए. इसके बाद रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े. रोहित शर्मा अर्धशतक से चूक गए और 39 गेंदों में 48 रन बनाकर आउट हो गए. उनकी पारी में छह चौके और दो छक्के शामिल रहे.
रोहित के आउट होने के बाद शुभमन गिल और ईशान किशन ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर जबरदस्त हमला बोला. दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 224 रन की शानदार साझेदारी कर भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. यह अफगानिस्तान के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए भारत की सबसे बड़ी साझेदारी भी बन गई.
कप्तान शुभमन गिल ने शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए लगाए चौके -छक्के
ईशान किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 79 गेंदों में 125 रन बनाए. उनकी पारी में 14 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक रहा. वहीं कप्तान शुभमन गिल ने शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए 110 गेंदों में 154 रन बनाए. गिल ने अपनी पारी में 22 चौके और 2 छक्के लगाए. यह उनके वनडे करियर का नौवां शतक था.
एक समय भारतीय टीम का स्कोर 450 रन के करीब पहुंचता दिखाई दे रहा था, लेकिन मध्यक्रम और निचला बल्लेबाजी क्रम अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका. श्रेयस अय्यर ने 26 रन बनाए, जबकि वाशिंगटन सुंदर 19 रन जोड़ सके. केएल राहुल बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए. लगातार विकेट गिरने के कारण भारतीय टीम निर्धारित 50 ओवर पूरे करने से पहले ही 402 रन पर ऑलआउट हो गई.
400 से अधिक रन का स्कोर बनाया भारत ने
इस पारी के साथ भारत ने वनडे क्रिकेट में आठवीं बार 400 से अधिक रन का स्कोर बनाया और इस मामले में दक्षिण अफ्रीका के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. दक्षिण अफ्रीका और भारत अब संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा आठ-आठ बार 400 प्लस स्कोर बनाने वाली टीमें बन गई हैं. इंग्लैंड ने सात बार, ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार, जबकि न्यूजीलैंड और श्रीलंका ने दो-दो बार यह उपलब्धि हासिल की है.
भारत का दूसरा सबसे बड़ा वनडे
अफगानिस्तान के खिलाफ यह भारत का दूसरा सबसे बड़ा वनडे स्कोर भी है. इस सूची में शीर्ष स्थान ऑस्ट्रेलिया के नाम है, जिसने अफगानिस्तान के खिलाफ 417 रन बनाए थे. हालांकि भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक बल्लेबाजी के साथ जुड़ा ऑलआउट होने का रिकॉर्ड क्रिकेट इतिहास में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रह सकता है.











