कोलकाता से शिलॉन्ग रवाना होने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान के टॉयलेट से बम की धमकी वाला एक नोट बरामद हुआ। नोट में अंग्रेजी में लिखा था – “There is a bomb on the plane” यानी प्लेन में बम है।
यह घटना शनिवार सुबह की बताई जा रही है। फ्लाइट संख्या 6E-567 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने की तैयारी में थी और बोर्डिंग प्रक्रिया जारी थी। तभी एक क्रू मेंबर को टॉयलेट में एक हस्तलिखित पर्ची मिली।
तुरंत अलर्ट हुआ एयरपोर्ट प्रशासन
नोट मिलते ही क्रू मेंबर ने कैप्टन को सूचना दी, जिसके बाद एयरपोर्ट कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया। कुछ ही मिनटों में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और विमान को एहतियातन खाली करा लिया गया।
विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाकर खड़ा किया गया, जहां बम निरोधक दस्ता (BDDS), Central Industrial Security Force (CISF) और डॉग स्क्वायड ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
हर कोने की ली गई तलाशी
सुरक्षा टीम ने विमान के टॉयलेट, सीटों, ओवरहेड कैबिनेट और कार्गो होल्ड सहित हर हिस्से की बारीकी से जांच की। फिलहाल किसी भी विस्फोटक के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और जांच जारी है।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले 30 जनवरी को कुवैत से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस दौरान विमान की अहमदाबाद में आपात लैंडिंग कराई गई थी।
प्रशासन ने की शांति बनाए रखने की अपील
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को पूरी तरह निष्क्रिय किया जा सके।











