Sunday, September 6, 2026
HomeTechnologyApple Watch को टक्कर देने Huawei की नई चाल, Watch GT 7...

Apple Watch को टक्कर देने Huawei की नई चाल, Watch GT 7 सीरीज हुई लॉन्च!

Huawei ने ग्लोबल मार्केट में अपनी नई स्मार्टवॉच सीरीज Huawei Watch GT 7 और Watch GT 7 Pro को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस बार यूजर्स की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग साइज और फीचर्स वाले मॉडल पेश किए हैं।

Watch GT 7 जहां 41mm और 46mm दो साइज में आती है, वहीं Watch GT 7 Pro को प्रीमियम फीचर्स के साथ उतारा गया है। नई सीरीज में AMOLED डिस्प्ले, 3000 निट्स तक ब्राइटनेस, Bluetooth 6.0, NFC और डुअल-बैंड GNSS जैसे फीचर्स मिलते हैं। खास बात यह है कि बड़े मॉडल में बैटरी सामान्य इस्तेमाल में 12 दिनों तक चलने का दावा किया गया है।

Huawei Watch GT 7 Series की कीमत ने खींचा ध्यान

Huawei Watch GT 7 Pro की कीमत यूरोपियन मार्केट में EUR 429 रखी गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 47,225 रुपये के आसपास बैठती है। वहीं Watch GT 7 41mm White मॉडल की कीमत EUR 319 यानी लगभग 35,120 रुपये है। इसके अलावा Watch GT 7 की शुरुआती कीमत EUR 299 यानी करीब 32,915 रुपये बताई गई है।

कंपनी ने इन स्मार्टवॉच को चुनिंदा यूरोपीय देशों में ऑर्डर के लिए उपलब्ध कराया है। भारतीय बाजार में इनकी कीमत और लॉन्च को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Watch GT 7 Pro में 3000 निट्स की चमकदार AMOLED स्क्रीन

Huawei Watch GT 7 Pro में 1.47 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। स्क्रीन का रिजॉल्यूशन 466×466 पिक्सल है और इसकी पिक्सल डेंसिटी 317 PPI है। इस डिस्प्ले की सबसे बड़ी खासियत 3000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस है। इससे आउटडोर में तेज रोशनी के दौरान स्क्रीन पर कंटेंट देखने में आसानी होने की उम्मीद है।

डिजाइन की बात करें तो Watch GT 7 Pro की लंबाई और चौड़ाई 45.6mm है, जबकि इसकी मोटाई 11.25mm है। इसका वजन करीब 55.5 ग्राम है और यह 140-210mm कलाई के लिए डिजाइन की गई है। इसमें रोटेटिंग क्राउन और साइड बटन भी दिए गए हैं।

बैटरी में भी है लंबा दम

Watch GT 7 Pro की बैटरी को लेकर कंपनी ने बड़े दावे किए हैं। हल्के इस्तेमाल में यह स्मार्टवॉच 21 दिनों तक चल सकती है, जबकि सामान्य उपयोग में बैटरी बैकअप करीब 12 दिनों तक बताया गया है। वहीं Always-On Display यानी AOD एक्टिव रखने पर यह 7 दिनों तक चल सकती है।

खास तौर पर ट्रेल रनिंग मोड में इसकी बैटरी करीब 51 घंटे तक चलने का दावा किया गया है। यानी आउटडोर एक्टिविटी और लंबी रनिंग के दौरान भी यूजर्स को बार-बार चार्जिंग की चिंता कम हो सकती है।

5ATM और IP69 रेटिंग का सपोर्ट

Watch GT 7 Pro को मजबूत और एडवेंचर फ्रेंडली बनाने के लिए इसमें 5ATM और IP69 रेटिंग दी गई है। यह वॉच 40 मीटर तक डाइविंग को भी सपोर्ट करती है। कंपनी के अनुसार इसे -20 डिग्री सेल्सियस से लेकर +45 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में इस्तेमाल किया जा सकता है।

सेंसर की बात करें तो इसमें एक्सेलेरोमीटर, जायरोस्कोप, मैग्नेटोमीटर, ऑप्टिकल हार्ट रेट सेंसर, बैरोमीटर, टेंप्रेचर सेंसर, एंबिएंट लाइट, ECG और डेप्थ सेंसर दिए गए हैं।

Watch GT 7 46mm में भी मिलता है बड़ा डिस्प्ले

Huawei Watch GT 7 का 46mm मॉडल भी 1.47 इंच AMOLED स्क्रीन के साथ आता है। इसमें 466×466 पिक्सल रिजॉल्यूशन, 3000 निट्स ब्राइटनेस और 317 PPI मिलता है। बैटरी क्षमता के मामले में यह मॉडल भी काफी मजबूत है। कंपनी के अनुसार हल्के इस्तेमाल में 21 दिन, सामान्य इस्तेमाल में 12 दिन और AOD के साथ करीब 7 दिन का बैकअप मिल सकता है।

इसका वजन 51.3 ग्राम और मोटाई 10.95mm है। वहीं यह 140-210mm कलाई के लिए उपयुक्त है। इसमें 5ATM और IP69 रेटिंग के साथ Bluetooth 6.0, NFC, GPS और डुअल-बैंड GNSS जैसे फीचर्स मिलते हैं।

छोटा साइज चाहिए तो Watch GT 7 41mm है ऑप्शन

Watch GT 7 का 41mm मॉडल उन यूजर्स के लिए पेश किया गया है जिन्हें कॉम्पैक्ट और हल्की स्मार्टवॉच पसंद है। इसमें 1.327 इंच AMOLED डिस्प्ले दी गई है। स्क्रीन का रिजॉल्यूशन 466×466 पिक्सल और पिक्सल डेंसिटी 352 PPI है। इसकी पीक ब्राइटनेस 3000 निट्स तक है।

इस मॉडल का वजन सिर्फ 36.5 से 37.6 ग्राम के बीच है और मोटाई 9.99mm है। यह 120-180mm कलाई के लिए डिजाइन की गई है। बैटरी हल्के इस्तेमाल में 14 दिन, सामान्य इस्तेमाल में 7 दिन और AOD के साथ 5 दिन तक चल सकती है। ट्रेल रनिंग मोड में यह 32 घंटे तक चलने का दावा करती है।

तीनों मॉडल में मिलते हैं स्मार्ट कनेक्टिविटी फीचर्स

नई Watch GT 7 सीरीज में कनेक्टिविटी के लिए Bluetooth 6.0, NFC, GPS और डुअल-बैंड GNSS दिया गया है। तीनों मॉडल Android 9.0 या उसके बाद के वर्जन वाले डिवाइस और iOS 13.0 या उससे ऊपर के iPhone के साथ काम करते हैं।

कुल मिलाकर Huawei ने नई GT 7 सीरीज में बड़ी और चमकदार स्क्रीन, लंबी बैटरी लाइफ, मजबूत बिल्ड और हेल्थ-फिटनेस सेंसर का अच्छा कॉम्बिनेशन देने की कोशिश की है। Pro मॉडल एडवेंचर और प्रीमियम यूजर्स को ध्यान में रखता है, जबकि GT 7 के 41mm और 46mm मॉडल अलग-अलग कलाई साइज के हिसाब से ज्यादा विकल्प देते हैं।

Related Articles

Latest News