Google ने अपनी नई स्मार्टवॉच Pixel Watch 5 के स्पेशल एडिशन की बिक्री शुरू कर दी है। कंपनी ने Pixel Watch 5 Stephen Curry Special Edition को खासतौर पर मशहूर बास्केटबॉल खिलाड़ी Stephen Curry से प्रेरित डिजाइन के साथ पेश किया है। स्टैंडर्ड Pixel Watch 5 की बिक्री शुरू होने के करीब दो सप्ताह बाद यह खास मॉडल बाजार में आया है।
Stephen Curry Edition को केवल 45mm साइज में उपलब्ध कराया गया है। इसमें Satin Pyrite कलर का केस और Rye Performance Loop बैंड दिया गया है। इस बैंड पर Stephen Curry की ब्रांडिंग भी देखने को मिलती है। इसके अलावा बैंड को वॉटर-रेपेलेंट फिनिश के साथ तैयार किया गया है, जिससे एक्सरसाइज या वर्कआउट के दौरान पसीने और नमी से इसे बेहतर सुरक्षा मिल सके।
करीब 55 हजार रुपये है कीमत
Google Pixel Watch 5 Stephen Curry Special Edition की कीमत 579.99 डॉलर रखी गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 54,800 रुपये बैठती है। फिलहाल इसे Google Store और Amazon US के जरिए खरीदा जा सकता है। कंपनी ने इसे लिमिटेड स्टॉक के साथ बाजार में उतारा है, इसलिए इसकी उपलब्धता लंबे समय तक बनी रहेगी या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है।
अगर यूजर्स अलग से Performance Loop बैंड खरीदना चाहते हैं तो इसकी कीमत 59.99 डॉलर यानी लगभग 5,700 रुपये है। इससे पहले Google ने Pixel Watch 5 को 41mm और 45mm के दो साइज में पेश किया था। इसके 41mm मॉडल की शुरुआती कीमत 399 डॉलर, जबकि 45mm मॉडल की कीमत 429 डॉलर रखी गई थी। LTE वर्जन की शुरुआती कीमत क्रमशः 499 डॉलर और 529 डॉलर थी।
Stephen Curry के नाम वाला खास डिजाइन
Stephen Curry Edition को कंपनी ने स्टैंडर्ड मॉडल से अलग पहचान देने के लिए खास कलर और बैंड के साथ तैयार किया है। इसमें 45mm का Satin Pyrite एल्युमिनियम केस मिलता है। इसके साथ Rye कलर का Performance Loop दिया गया है, जो रेगुलर Pixel Watch 5 के साथ उपलब्ध नहीं है।
बैंड पर Stephen Curry की ब्रांडिंग इसे एक स्पेशल लुक देती है। साथ ही इसमें वॉटर-रेपेलेंट कोटिंग मौजूद है। स्पोर्ट्स और फिटनेस पसंद करने वाले यूजर्स के लिए यह डिजाइन खास आकर्षण हो सकता है। कुल मिलाकर इसका फोकस स्पोर्टी लुक और प्रीमियम फिनिश पर रखा गया है।
3,000 निट्स तक चमकेगी स्क्रीन
Pixel Watch 5 Stephen Curry Edition में 360-डिग्री डोम्ड Actua AMOLED LTPO डिस्प्ले दिया गया है। इसकी पीक ब्राइटनेस 3,000 निट्स तक जाती है, जिससे तेज रोशनी में भी स्क्रीन को देखने में आसानी हो सकती है। डिस्प्ले 60Hz तक का रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है और इसमें Always-On Display का विकल्प भी दिया गया है।
स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Corning Gorilla Glass का इस्तेमाल किया गया है। इस तरह स्मार्टवॉच में डिस्प्ले को ब्राइटनेस और ड्यूरेबिलिटी दोनों के लिहाज से बेहतर बनाने की कोशिश की गई है।
Snapdragon चिप और 64GB स्टोरेज
परफॉर्मेंस के लिए Pixel Watch 5 में Qualcomm Snapdragon W5 Gen 2 Accelerated प्लेटफॉर्म दिया गया है। इसके साथ Cortex-M55 को-प्रोसेसर भी मौजूद है। Google के अनुसार नई स्मार्टवॉच Pixel Watch 4 के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत बेहतर परफॉर्मेंस दे सकती है।
कंपनी ने इसमें 50 प्रतिशत ज्यादा RAM और 12 प्रतिशत CPU बूस्ट मिलने की बात कही है। स्टोरेज के लिए 64GB eMMC दिया गया है। स्मार्टवॉच में Google Gemini का सपोर्ट भी मौजूद है, जिसकी मदद से यूजर्स Gmail और Calendar जैसी सेवाओं से जुड़ी जानकारी एक्सेस कर सकते हैं।
हेल्थ और फिटनेस पर भी पूरा फोकस
हेल्थ ट्रैकिंग के लिए Pixel Watch 5 में कई फीचर्स दिए गए हैं। इसमें ECG, AFib डिटेक्शन, हार्ट रेट अलर्ट, SpO2, हार्ट रेट वैरिएबिलिटी, ब्रीदिंग रेट, स्किन टेम्परेचर और स्ट्रेस ट्रैकिंग शामिल हैं। इसके अलावा Sleep Breathing Analysis और Personalized Sleep Score जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। Health Guardian फीचर हर महीने ब्लड प्रेशर, स्लीप ब्रीदिंग क्वालिटी और इंसुलिन रेजिस्टेंस ट्रेंड्स का सारांश उपलब्ध कराता है।
40 घंटे तक चलेगी बैटरी
बैटरी की बात करें तो Pixel Watch 5 का 45mm मॉडल एक बार चार्ज करने पर 40 घंटे तक चलने का दावा करता है। वहीं, महज 15 मिनट चार्ज करने पर करीब 15 घंटे तक का बैकअप मिलने की बात कही गई है। स्मार्टवॉच में 50 से ज्यादा एक्टिविटीज को ट्रैक करने का विकल्प दिया गया है। इसमें Dual-Frequency GPS, Weekly Cardio Goals और Daily Readiness Score भी मौजूद हैं।
ड्यूरेबिलिटी के लिए इसे IP68 डस्ट और वॉटर रेजिस्टेंस रेटिंग मिली है। इसके अलावा Breathing Emergency Detection फीचर ऑन-डिवाइस AI के साथ PPG, एक्सेलेरोमीटर और बैरोमीटर सेंसर का इस्तेमाल करता है। यह ऑक्सीजन सैचुरेशन में गंभीर और लगातार गिरावट का पता लगाने के लिए डिजाइन किया गया है।











