Thursday, February 12, 2026
Homeमध्य प्रदेशसिंगरौली में सीआईएसएफ के जवान पर कबाडिय़ों ने किया जानलेवा हमला

सिंगरौली में सीआईएसएफ के जवान पर कबाडिय़ों ने किया जानलेवा हमला

सिंगरौली. एमपी के सिंगरौली में सेंट्रल इंडस्ट्रीयल सिक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) के जवान पर प्राणघातक हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कबाड़ माफिया अब इतने बेखौफ हो चुके हैं कि, वे सीआईएसएफ जैसे केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों पर भी जानलेवा हमला करने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। इसी कड़ी में जिले के अमलोरी खदान अलाके में केबल चोरों ने सीआईएसएफ जवान पर जानलेवा हमला कर उसे अधमरी हालत में नाले में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, सीआईएसएफ के प्रधान आरक्षक सतीशचंद्र भारती पर ये हमला 18-19 जनवरी की मध्य रात्रि करीब 02 बजे हुआ है। जब निरीक्षक विकास कुमार रूटीन चेकिंग पर निकले तो व्यू-पॉइंट पोस्ट से जवान गायब मिला। तलाश के दौरान वो पास के ही नाले में मरणासन्न अवस्था में पड़ा मिला।

अपराधियों ने लाठी-डंडों से जवान को इतना पीटा कि, उनके शरीर पर एक भी हिस्सा सुरक्षित नहीं बचा। यही नहीं, बदमाशों ने जवान को झोले के पट्टे से बांधकर नाले में फेंक दिया, ताकि वे बेखौफ होकर चोरी कर सकें। करीब 15 मीटर कीमती केबल तार लेकर हमलावर मौके से फरार हो गए।

गंभीर हालत में जवान वाराणसी रेफर

गंभीर हालत में जवान को उपचार के लिए सिंगरौली जिला अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत ही वाराणसी रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि, जवान की हालत अब भी बेहद नाजुक बनी हुई है।

आरोपियों पर 10 हजार इनाम

अधर, घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है। सीएसपी पीएस. सिंह परस्ते ने बताया कि, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 307 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। कबाड़ माफिया के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस की कई टीमें मैदान में हैं। फरार अज्ञात आरोपियों की सूचना देने वाले को 10 हजार का इनाम देने की घोषणा की गई है।

Related Articles

Latest News