Thursday, November 13, 2025
Homeमध्य प्रदेशजबलपुर में खुलेगी मटर की नई मंडी, 30 नवंबर से होगी खरीदी,...

जबलपुर में खुलेगी मटर की नई मंडी, 30 नवंबर से होगी खरीदी, कलेक्टर ने कहा- सुरक्षा व सुविधाओं का रखा जाएगा ध्यान

जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना की अध्यक्षता में आज औरिया स्थित नवीन मटर मंडी के संबंध में कृषि उपज मंडी सभागार में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विधायक अजय बिश्नोई, सुशील तिवारी इंदु, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, व्यापारी व किसान संघों के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे। बैठक में मंडी की समस्याओं पर विचार कर सभी औरिया में नवीन मटर मंडी बनाने के लिए सहर्ष तैयार हुए एवं वहां 30 नवंबर से मटर खरीदी शुरू करने के निर्णय से सहमत हुए।

इस दौरान व्यापारी व किसान संघों के प्रतिनिधियों की बात सुनकर विधायक अजय बिश्नोई ने कहा कि औरिया में सिर्फ मटर मंडी ही नहीं बल्कि फल और सब्जियों की मंडी बन रही है। वर्तमान में 17 एकड़ के मंडी के पास 120 एकड़ जमीन तलाश ली गई है। शीघ्र ही नवीन मंडी को सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। वहां फिलहाल दुकानों की संख्या, व्यापारियों की संख्या से ज्यादा है। व्यापारियों के काम करने के तरीके से मंडी की उन्नति व प्रसिद्धि होती है, अतः सभी व्यापारी इसमें सहयोग करें। मंडी को स्थानांतरित करने में शहर की यातायात जाम जैसे अन्य तकलीफ को दूर आसानी से किया जा सकता है।

विधायक सुशील तिवारी इंदू ने कहा कि व्यापार के साथ-साथ मानवीय संवेदना को भी ध्यान रखना बहुत आवश्यक है। प्रतिदिन जाम से एम्बुलेंस फंस जाते है और समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते है। स्कूल- कॉलेज के बच्चे समय पर घर नहीं पहुंच पाते है। जिससे चिंता बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान मंडी को नवीन मंडी में शिफ्ट करना सभी दृष्टिकोण से उचित है, इसके लिए वाहन चालक तथा किसान भी तैयार हैं। हमारी चिंता है कि किसान सहित सभी लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। नवीन मंडी को सुविधाजनक बनाया जाएगा, जहां सुरक्षा व सुविधाएं सब होंगे।

किसान संघ के प्रतिनिधियों ने भी नवीन मटर मंडी के लिए सहर्ष तैयार हुए। बैठक में कुछ आढ़तियां व्यापारियों ने सुरक्षा व सुविधाओं के संबंध में अपनी बात रखी। जिस पर कलेक्टर दीपक सक्सेना ने कहा कि मंडी को स्मार्ट बनाया जाएगा, अभी तत्कालिक रूप से मटर का व्यवसाय करने से जो परेशानी आती है, उन्हें शीघ्र दूर किया जाएगा। नवीन मंडी के संभावित कठिनाइयों को दूर करने के लिए सारी तैयारियां की जा चुकी है। किसानों और व्यापारियों की सुरक्षा व सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सब मिलजुलकर नवीन मंडी को व्यवस्थित करेंगे।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वर्तमान में कृषि उपज मंडी में मटर के वाहन आना प्रतिबंधित रहेंगे। 30 नवंबर से नवीन मटर मंडी में ही मटर की खरीदी शुरू की जाएगी, इसके लिए उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया और कहा कि नवीन मंडी जो भी दिक्कतें हैं, उनका निराकरण करें। इसे साथ ही उन्होंने व्यापारियों से कहा कि नवीन मंडी में दुकानों के स्थाई आवंटन अभी तत्काल नहीं हो सकता है, अस्थाई आवंटन प्रथम आओ प्रथम पाओ के आधार पर किया जाएगा। बैठक के दौरान मंडी सचिव ने भी मंडी की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

Related Articles

Latest News