सतना में प्रेमी की प्रताड़ना से आहत युवती ने हाथ की नस काटकर जान देने की कोशिश की, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया है। पुलिस ने बताया कि घूरडांग निवासी 20 वर्षीय युवती की दोस्ती पिछले कई सालों से अमन तिवारी नामक युवक के साथ है, जिसने शादी का वादा कर प्रेमिका को मिलने के लिए बुलाया और मैहर बाइपास रोड स्थित एक होटल में ले जाकर चार दिन तक रोके रखा।
इसके बाद गुरुवार शाम को घुमाने के बहाने रेलवे स्टेशन ले गया और किसी बात पर नाराज होकर मारपीट करने लगा। तब उसकी हरकत से आहत युवती ने गुस्से में आकर बाएं हाथ की नस काट ली, यह देखकर आरोपी भाग निकला, तो वहीं राहगीरों ने घायल युवती को हॉस्पिटल पहुंचाने के साथ पुलिस और परिजनों को सूचित कर दिया।
उधर जैसे ही आरोपी अमन को युवती के हॉस्पिटल में भर्ती होने की बात पता चली तो वह धमकाने पहुंच गया। इस दौरान पीड़िता के माता-पिता ने विरोध किया तो आरोपी उनसे भी उलझने लगा। यह देखकर हॉस्पिटल में मौजूद पब्लिक ने खदेडक़र लात-घूसों से जमकर पिटाई करते हुए आरोपी को कोलगवां पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में पीडि़ता के बयान पर अपराध दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।











