एमपी के जबलपुर स्थित मोहरिया गली नम्बर पांच हनुमानताल क्षेत्र में उस वक्त हड़कम्प मच गया, जब एक युवक को बदमाशों ने सरेराह गोली मार दी। पैर में गोली लगने से युवक मौके पर ही गिर गया। जिसे उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गोली चलने की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अम्बेडकर कालोनी निवासी मोहसिन मोहरिया गली नम्बर पांच से निकल रहा था। इस दौरान पीछा करते हुए आए बदमाशों ने रिवाल्वर निकालकर मोहसिन पर फायर कर दिया। गोली पैर में लगते ही मोहसिन गिर गया। घायल अवस्था में मोहसिन ने तुरंत अपने परिजनों और परिचितों को फोन कर घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन उसे तत्काल विक्टोरिया अस्पताल ले गए।
घटना की खबर मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गया और पूछताछ के बाद हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है। वहीं गोली चलने से क्षेत्र में कुछ देर के लिए हड़कम्प मच गया था। घटना के बाद से पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।











