Homeमध्य प्रदेशAnuppur in MP : दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 6...

Anuppur in MP : दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 6 लोगों की मौत, 30 लोग घायल

Anuppur in MP : मध्यप्रदेश के अनूपपुर और उमरिया जिले की सीमा पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुष्पराजगढ़ तहसील के करनपठार थाना क्षेत्र अंतर्गत सरई चौकी के तिवनी गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी और पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी।

दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें तत्काल आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।

Anuppur in MP : सभी घायलों को शहडोल अस्पताल रेफर किया गया 

हादसे की जानकारी लगते ही उमरिया जिले के पाली थाना पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को पाली अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को शहडोल मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया है. हादसे में 22 पुरुष, 14 महिलाएं और 5 बच्चों घायल होने की खबर है. अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में परिजन पहुंच गए.

Anuppur in MP : अस्पताल में इलाज के दौरान चार की मौत

बताया जा रहा है कि, ट्रॉली में सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य 4 ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है. अबतक सामने आए अपडेट के अनुसार हादसे में कुल 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 30 सवारों की हालत गंभीर है. मृतकों में घनश्याम सिंह 45 वर्ष, भूपत सिंह 50 वर्ष निवासी पढमनिया, सहबल बैगा पिता गल्ली राम 55 वर्ष एवं बीर सिंह 60 वर्ष निवासी गिजरी की पहचान हुई है. एक जानकारी ये भी है कि, चालक तेज गति से ट्रैक्टर दौड़ा रहा था, इसी के चले पुलिया के मोड़ पर मोड़ नहीं पाया और अनियंत्रित होकर ट्रॉली पलट गई. फिलहाल, पुलिस हादसे के स्पष्ट कारणों की जांच कर रही है.

Anuppur in MP : 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा

अनूपपुर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली पुलिया में पलटी हादसे पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर हर्षल पंचोली खुद शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की. यहां उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य का हाल जाना और मृतकों के परिजन को ढांढस बंधाया. इस दुखद हादसे में काल-कवलित नागरिकों के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख और संबल योजना के अंतर्गत 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता करने की बात कही है.

Related Articles

Latest News