MPPKVVCL : जबलपुर: जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश का दौर जारी है, जबकि मौसम विभाग ने आगे भी ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए नागरिकों से अपील की गई है कि वे बिजली की लाइनों, ट्रांसफॉर्मर, स्टे वायर और बिजली के खंभों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
बारिश के दौरान वातावरण में नमी बढ़ने से लीकेज करंट का खतरा रहता है, वहीं तेज हवाओं के कारण बिजली के पोल और तार टूटकर गिर सकते हैं, जिससे गंभीर हादसा हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी विद्युत संबंधी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत बिजली विभाग को देने की अपील की है। जरा सी लापरवाही जान-माल के नुकसान का कारण बन सकती है।
विभाग ने कहा है कि बिजली की लाइनों, ट्रांसफॉर्मरों, स्टे वायर और बिजली के खंभों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा इनके साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। यदि कहीं बिजली के तार या खंभे टूटे दिखाई दें तो उन्हें छूने या पार करने का प्रयास न करें और इसकी सूचना तुरंत नजदीकी विद्युत वितरण केंद्र या टोल फ्री नंबर 1912 पर दें।
लोहे की चादर वाले पान ठेलों और दुकानों में सुरक्षित वायरिंग कराएं, बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में बिजली के खंभों के पास जाने से बचें तथा बच्चों और मवेशियों का विशेष ध्यान रखें।
मवेशियों को बिजली के खंभों या स्टे वायर से न बांधें और कपड़े सुखाने के लिए बिजली के पोल या सर्विस लाइन पर तार या रस्सी का उपयोग न करें। घर में लीकेज करंट, खराब वायरिंग या विद्युत उपकरणों में खराबी होने पर स्वयं मरम्मत करने के बजाय प्रशिक्षित इलेक्ट्रीशियन की सहायता लें।
साथ ही वर्ष में कम से कम एक बार घर की वायरिंग, अर्थिंग और फिटिंग की जांच अवश्य कराएं। खेतों और भवनों के पास बिजली की लाइनों के नीचे फसल, निर्माण सामग्री या अन्य सामान एकत्र न करें। किसी भी विद्युत आपात स्थिति में 24×7 संचालित टोल फ्री नंबर 1912 पर सूचना देकर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।











