Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी जेनको क्रि‍केट लीग में चार्जर्स और लीजेन्ड्स ने दर्ज की आसान...

एमपी जेनको क्रि‍केट लीग में चार्जर्स और लीजेन्ड्स ने दर्ज की आसान जीत

मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के तत्वावधान में आयोजित जेनको क्रि‍केट लीग के दूसरे दिन आज रामपुर परिसर स्थि‍त पाण्डुताल मैदान में दो मैच खेले गए। पहले मैच में चार्जर्स ने हिटर्स को 63 रन से श‍िकस्त दी वहीं दूसरे मैच में लीजेन्ड्स ने ग्लेडीएटर्स को 8 विकेट से पराजित किया। दोनों मैच के प्रारंभ में टीमों का परिचय मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के मुख्य अभ‍ियंता अभ‍िषेक जैन व हेमंत संकुले से करवाया गया।

आज खेले गए पहले मैच में चार्जर्स ने हिटर्स को एकपक्षीय मैच में 63 रन से पराजित किया। चार्जर्स के कप्तान विनीत त्रि‍पाठी ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। चार्जर्स ने निर्धारित 12 ओवर में 4 विकेट खो कर 112 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज संदीप गोस्वामी 11 रन व हर्षबर्धन सिंह 14 रन ने अच्छी शुरुआत कर ठोस आधार तैयार किया। संदीप गोस्वामी के रन आउट और हर्षवर्धन सिंह के स्टम्प होने के बाद कप्तान विनीत त्रि‍पाठी मैदान में उतरे और उन्होंने 14 गेंदों का सामना करते हुए दो छक्कों की मदद से 21 रन बनाए। वहीं दूसरे छोर संभाल रहे प्रशांत कवाडकर ने 21 गेंद में 38 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी पारी में तीन-तीन चौके व छक्के जमाए। चार्जर्स को नोबॉल, वाइड बॉल व लेग बॉय से 16 रन अतिरिक्त मिले। इस प्रकार चार्जर्स ने 4 खोकर 112 रन बनाए। हिटर्स की ओर से एकमात्र सफल गेंदबाज अतुल यादव रहे। उन्होंने 3 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट लिए।

जवाबी पारी खेलने उतरी हिटर्स के सामने प्रति ओवर 9 से अध‍िक रन बनाने का दबाव था। इस दबाव का असर उनके बल्लेबाजों पर साफ रूप से देखने को मिला। हिटर्स के कप्तान सुशील पाल पहली गेंद में आउट हो गए। इसके बाद हिटर्स का कोई भी बल्लेबाज पिच पर ठहर नहीं पाया। सिर्फ पुष्पेन्द्र पटेल ने 18 मिनट ठहर कर 11 रन का योगदान दिया। हिटर्स की पूरी टीम 10.5 ओवर में 49 रन ही बना पायी। चार्जर्स की ओर से रूपेश शाह व शैलेन्द्र साहू ने दो-दो विकेट लेकर सफल गेंदबाज रहे। चार्जर्स के कप्तान विनीत त्रिपाठी ने एक विकेट लिया और उन्हें बल्लेबाजी व गेंदबाजी में हरफनमौला प्रदर्शन करने पर मेन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच के अंपायर सुबोध धांडे व संदीप बर्मन थे।

लीजेन्ड्स के सामने ग्लेडीएटर्स ने टेके घुटने-दूसरे मैच में लीजेन्ड्स ने ग्लेडीएटर्स को आसानी से 8 विकेट से पराजित कर दिया। यह लीग का पहला ऐसा मैच था जिसमें रन का पीछा करने वाली टीम जीती। ग्लेडीएटर्स ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। ग्लोडीएटर्स ने निर्धारित 12 ओवर में 9 विकेट खोकर 75 रन बनाए। ग्लेडीएटर्स की ओर से कप्तान केशव धुर्वे व राजेश कोरी ने 13-13 रन और दीपक मालवीय ने 11 रन का योगदान दिया। अपूर्व दुबे 12 रन बनाकर नाबाद रहे। लीजेन्ड्स की ओर से आसिफ खान ने 3 ओवर में सिर्फ पांच रन देकर 2 विकेट लिए और कप्तान प्रशांत सिंह भदौरिया ने भी दो विकेट लेकर सफल गेंदबाज में नाम लिखाया।

जवाबी पारी खेलने उतरी लीजेन्ड्स ने आसानी से 10 ओवर में 75 रन बनाकार ग्लेडीएटर्स को 8 विकेट से परास्त कर दिया। लीजेन्ड्स के प्रशांत सिंह भदौरिया ने कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद 43 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके व एक छक्का जड़ा। शकील परवेज ने 18 रन का योगदान दिया। प्लेयर ऑफ द मैच प्रशांत सिंह भदौरिया रहे। मैच के अंपायर संजय झरबड़े व तरुण विजयकर रहे। 

शुक्रवार 7 फरवरी को रामपुर परिसर स्थि‍त पाण्डुताल मैदान में दोपहर 1 बजे से ग्लेडीएटर्स व रॉयल्स और 3:30 बजे वॉरियर्स व चार्जर्स के मध्य मैच खेले जाएंगे।

ये भी पढ़ें

बिजली कंपनी के लाखों के ट्रांसफॉर्मर बेच खाए अधिकारी, दो अभियंताओं से छिना चालू प्रभार

Related Articles

Latest News