MP : मध्य प्रदेश में जून की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट ले ली है और प्री-मानसून गतिविधियां तेजी पकड़ने लगी हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल संभाग के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। वहीं नर्मदापुरम और उज्जैन संभाग के कुछ इलाकों में भी बारिश का असर देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में नमी बढ़ने और सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से आगामी दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है। विभाग ने 5 जून के लिए कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को मौसम में अचानक होने वाले बदलावों को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
MP : 24 घंटे में अच्छी बारिश होने के आसार !
MP : ओले गिरने का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने नीमच, मुरैना, श्योपुर, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, सागर और जबलपुर संभाग के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
MP : तापमान कहां कितना रहेगा
तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रतलाम में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद खरगोन में 41.8 डिग्री, राजगढ़ में 40.6 डिग्री, खंडवा और बालाघाट के मलाजखंड में 40.5 डिग्री तथा विदिशा और बैरसिया में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
दूसरी ओर सबसे कम अधिकतम तापमान अनूपपुर के अमरकंटक में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. पचमढ़ी में 34.2 डिग्री, सतना में 35.7 डिग्री, नीमच के मरुखेड़ा में 36.2 डिग्री और देवास के कन्नौद में 36.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
MP : आगे कैसा रहेगा मौसम!
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी से राहत बनी रहने की संभावना है.
विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार 5 जून से शुरू होने वाले सप्ताह में मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में सामान्य से बेहतर वर्षा गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. इससे किसानों और आम लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.











