Mppmcl : जबलपुर, । एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के जनसम्पर्क कार्यालय में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर के संचार अध्ययन एवं शोध विभाग के बी.ए. मास कम्युनिकेशन द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 14 से 22 जुलाई तक आयोजित कार्य अनुभव प्रशिक्षण का समापन प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम के साथ हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन एवं प्रशासन एफ.के. मेश्राम ने कहा कि कक्षा ज्ञान देती है, जबकि कार्यस्थल दृष्टि देता है। दोनों का समन्वय ही विद्यार्थियों को कुशल, उत्तरदायी और व्यावसायिक दृष्टि से सक्षम संचारक बनाता है।
उन्होंने कहा कि आज जनसंचार केवल सूचना प्रसारित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में विश्वास निर्माण, जन-जागरूकता और संस्थागत पारदर्शिता का महत्वपूर्ण आधार बन चुका है। ऐसे में मीडिया विद्यार्थियों का दायित्व है कि वे सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
मेश्राम ने कहा कि एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी विद्युत व्यवस्था के कुशल संचालन के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं के विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है।
इसी उद्देश्य से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट संचार, जनसम्पर्क, मीडिया प्रबंधन, समाचार लेखन एवं संपादन, प्रेस विज्ञप्ति लेखन, सोशल मीडिया प्रबंधन, फोटोग्राफी, दृश्य संचार तथा संस्थागत संचार की व्यावहारिक कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया।
कार्यपालक निदेशक एफ. के. मेश्राम ने प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित अनुशासन, समयबद्धता, सीखने की उत्सुकता एवं टीम भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
साथ ही रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के संचार अध्ययन एवं शोध विभाग के विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उद्योग और विश्वविद्यालय के बीच ऐसा समन्वय विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
समारोह के अंत में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी विद्यार्थियों को कार्य अनुभव प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।











