Sunday, March 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशकार में आए बदमाशों ने लूटा था चना से भरा ट्रक, इंदौर...

कार में आए बदमाशों ने लूटा था चना से भरा ट्रक, इंदौर का एक लुटेरा गिरफ्तार, मिर्च स्प्रे डालकर की थी वारदात

जबलपुर। एमपी के दमोह से जबलपुर होते हुए कटनी जा रहे चना से भरे ट्रक को कार सवार बदमाशों ने लूट लिया। पुलिस ने तत्परता से तलाश शुरू की तो बदमाशों ने शहपुरा के पास सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर दिया।

पुलिस ने इनमें से एक आरोपी इंदौर निवासी सागर गोयल को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके दो साथी फरार हैं। जिन्हे पकडऩे के लिए पुलिस की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में रवाना कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार संतोष सेन मंगलवार दोपहर गायत्री ट्रेडर्स से ट्रक में करीब 550 बोरी चना कीमत लगभग 16 लाख रुपए कटनी के लिए रवाना हुआ था। देर रात में मझौली के पास बिना नंबर की कार में सवार तीन युवकों ने ट्रक रुकवाया।

चालक जैसे ही नीचे उतरा तो बदमाशों ने हथियार दिखाते हुए उसके चेहरे पर मिर्च का स्प्रे डालकर बंधक बना लिया। जीपीएस सिस्टम की जानकारी नहीं देने पर चालक के साथ मारपीट की गई।

इसके बाद बदमाश उसे करीब 10 किलोमीटर दूर ले जाकर सड़क किनारे फेंककर ट्रक लेकर फरार हो गए। चालक किसी तरह मझौली थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान शहपुरा पुलिस को सड़क किनारे चना से भरा ट्रक मिलाए जिसे जब्त कर लिया गया। पुलिस ने मौके से इंदौर निवासी सागर गोयल को गिरफ्तार किया है।

पुलिस का मानना है कि वारदात में शामिल लुटेरा गिरोह इंदौर का है, जो जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है। फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Latest News