जबलपुर, । आगामी रबी सीजन के लिये किसानों को मांग के अनुसार गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अभी से जरूरी कार्रवाई की जाए। आवश्यकतानुसार ट्रांसफार्मर एवं बिजली लाइनों का मेंटेनेंस करवाएं। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने यह निर्देश मंत्रालय में विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान दिए।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि स्टोर में किसी भी आवश्यक सामग्री की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संतुष्टि होगी, तो बिजली बिल जमा करने में उपभोक्ता को कष्ट नहीं होगा।
मौजूदा पावर ट्रांसफार्मर की ओवरलोडिंग को कम करने के लिए कार्ययोजना बनाकर काम किया जाए। फीडरों में ट्रिपिंग की सतत् समीक्षा करें और उसे कम करने के हर संभव प्रयास करें।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने विद्युत वितरण कंपनियों के प्रबंध संचालकों से बात कर उनके यहां स्टोर में उपलब्ध क्रिटिकल सामग्री की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह ने कहा कि उपभोक्ता संतुष्टि पर फोकस कर मैदानी अभियंता कार्य करें। रबी सीजन की तैयारी पहले से की ताकि, कोई समस्या ही न आए।
बैठक में सचिव ऊर्जा विशेष गढ़पाले, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग सहित अन्य अभियंता उपस्थित थे। पूर्व क्षेत्र, पश्चिम क्षेत्र, जनरेटिंग व ट्रांसमिशन के प्रबंध संचालक सहित अन्य वरिष्ठ अभियंता बैठक में वर्चुअल रूप से शामिल हुए।








