Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशजनता एक्सप्रेस में चोरी करने वाला इंजीनियर पकड़ाया, बाइक की किश्त भरने...

जनता एक्सप्रेस में चोरी करने वाला इंजीनियर पकड़ाया, बाइक की किश्त भरने बना चोर

सतना. जनता एक्सप्रेस के एसी कोच में गत 24 जनवरी को यात्रियों का कीमती सामान चोरी के मामले में सतना जीआरपी में जीरो पर दर्ज मामले की जांच में खंडवा जीआरपी ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है, मुंबई का रहने वाला यह इंजीनियर बाइक की किश्त जमा करने के लिए ट्रेनों में चोरी करता था. आरोपी के कब्जे से ढ़ाई लाख रुपए का सामान मिला हैं।

खंडवा जीआरपी थाना टीआई प्रकाश सेन ने बताया कि, 24 जनवरी को फरियादी कन्हैयालाल मिश्रा अपनी पत्नी के साथ लोकमान्य तिलक टर्मिनस से पटना जा रहे थे। वे ट्रेन नंबर 13202 जनता एक्सप्रेस के एसी कोच बी-2, बर्थ नंबर 05 पर यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान उनकी पत्नी के सिरहाने रखा लेडीज पर्स, जिसमें 6500 रुपए नकद, कॉस्मेटिक सामान और वीवो कंपनी का वाई-19 मोबाइल रखा था। कोई बदमाश नींद का फायदा उठाकर चोरी कर ले गया।

घटना की सूचना पर जीआरपी सतना में शून्य पर अपराध दर्ज किया गया, जिसे बाद में जीआरपी थाना खंडवा में केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया गया। जांच के दौरान 25 जनवरी रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफार्म नंबर-06 के छोर, सरस्वती स्कूल के पास एक संदिग्ध युवक मोबाइल बेचने की दुकान पूछ रहा है।

इसके बाद जीआरपी, आरपीएफ की टीम ने मौके पर दबिश दी और युवक को हिरासत में लिया। आरोपी की पहचान योगेश पिता निवास चव्हाण (25) निवासी पोस्ट शेगी, तहसील मंगरुलपीर, जिला वाशिम (महाराष्ट्र) के रूप में हुई।

बैग से मिले 7 मोबाइल और नकदी

इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके आरोपी की तलाशी लेने पर उसके बैग से लेडीज पर्स, 9500 रुपए नकद, कॉस्मेटिक सामान और 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने 24 जनवरी को जनता एक्सप्रेस के एसी कोच में एक महिला का पर्स चोरी करना स्वीकार किया। इसके अलावा पूर्व में किए दो अपराधों का खुलासा भी किया।

Related Articles

Latest News