Wednesday, July 22, 2026
Homeमध्य प्रदेशदो थप्पड़ के बदले किसान की हत्या, हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने 5 गोलियां...

दो थप्पड़ के बदले किसान की हत्या, हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने 5 गोलियां मारीं

सतना। सतना में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने दो थप्पड़ का बदला लेने के लिए किसान की पांच गोली मारकर हत्या कर दी। दो गोलियां किसान की पीठ जबकि एक-एक पेट, गर्दन व पसली में लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमलावरों ने किसान के बेटे पर भी फायरिंग की। वह गंभीर घायल है।

वारदात नागौद थाना इलाके के बारापत्थर गांव की है। जहां पर किसान ने एक दिन पहले शाम को आरोपी के भाई को थप्पड़ मारे थे। पुलिस ने बताया. हत्याकांड को हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव ने अंजाम दिया है। उस पर पहले से कई केस दर्ज हैं। चंदन दिसंबर 2025 में एक महीने की पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन तय अवधि पूरी होने के बाद भी वापस नहीं लौटा।

पुलिस तभी से उसकी तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक शाम को चंदन का छोटा भाई शरद यादव ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज कर रहा था। अभय उर्फ बब्लू यादव उम्र 50 वर्ष ने उसे डांटते हुए दो थप्पड़ मार दिए। इस बात से नाराज होकर शरद ने अपने भाई चंदन को फोन लगा दिया। अपमान का बदला लेने की बात कही।

बीती रात करीब साढ़े 9 बजे चंदन अपने 5 साथियों के साथ बारापत्थर गांव पहुंचा। उस समय अभय अपने घर की छत पर टहल रहा था। चंदन ने पिस्टल निकालकर अभय पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अभय को कुल 5 गोलियां लगीं। उसने वहीं दम तोड़ दिया। इसके बाद चंदन समेत सभी आरोपी गांव से करीब एक किलोमीटर दूर अभय के बेटे राणा यादव 25 वर्ष की किराना दुकान पर पहुंचे।

उस पर कई राउंड फायर किए। जान बचाने के लिए राणा दुकान छोड़कर भागा लेकिन उसके दाहिने पैर में दो गोलियां लग गईं। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद चंदन ने अभय के छोटे बेटे राजा यादव को को फोन लगाकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। परिजन की सूचना पर नागौद थाना प्रभारी अशोक पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन आरोपी भाग निकले। पुलिस ने अभय यादव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया। जबकि राणा को सिविल अस्पताल नागौद पहुंचाया गया।

यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के बाद परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। फिलहालए नागौद समेत आसपास के थानों की पुलिस चंदन यादव और उसके साथियों की तलाश में जुटी है। ऐहतियातन गांव में पुलिस तैनात की गई है। पुलिस के मुताबिकए अभय उर्फ बब्लू यादव के खिलाफ भी हत्या के दो मामलों समेत कई अपराध दर्ज थे। वह जेल भी जा चुका था।

Related Articles

Latest News