Homeमध्य प्रदेशMppkvvcl : भ्रष्ट बिजली अभियंता की पत्नि के विरूद्ध एफआईआर दर्ज

Mppkvvcl : भ्रष्ट बिजली अभियंता की पत्नि के विरूद्ध एफआईआर दर्ज

Mppkvvcl : मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा हनुमना स्थित 2 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र में विद्युत वितरण कंपनियों की सामग्री के संभावित दुरुपयोग के प्रकरण में एक और कार्यवाही करते हुए मेसर्स ओम एंटरप्राइजेज के विरुद्ध थाना हनुमना, मऊगंज में शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कराई गई है।
Mppkvvcl : उल्लेखनीय है कि इस प्रकरण में पूर्व में प्राप्त शिकायत के आधार पर मुख्य अभियंता (प्रवर्तन) रीवा द्वारा गठित जांच समिति ने विस्तृत जांच की थी। जांच के दौरान कार्यालय कार्यपालन अभियंता (एसटीएम-एसटीसी) संभाग सीधी में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता रंजीत कुमार साहू की प्रथम दृष्टया संभावित संलिप्तता पाए जाने पर कंपनी प्रबंधन द्वारा उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि संबंधित 2 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र के विद्युत संयोजन एवं लाइन विस्तार का कार्य ओम एंटरप्राइजेज, जिसकी प्रोपराइटर ममता कुमारी पति रंजीत कुमार साहू हैं, द्वारा किया गया था।

जांच में स्थापित उपकरणों एवं सामग्री के परीक्षण के दौरान कुछ विद्युत उपकरणों पर मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड का नाम अंकित पाया गया, जबकि कंट्रोल केबल पर मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड का उल्लेख प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त वीसीबी की नेम प्लेट पर क्रेता संबंधी विवरण मिटा हुआ पाया गया, जिसके संबंध में संबंधित कंपनियों से अभिलेखीय सत्यापन कराया गया।

जांच प्रतिवेदन एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कंपनी द्वारा थाना हनुमना में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर शुक्रवार को एफआईआर क्रमांक 0306/2026 में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 303(2) के अंतर्गत ओम एंटरप्राइजेज की प्रोपराइटर ममता कुमारी के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

Related Articles

Latest News