Tuesday, July 21, 2026
Homeमध्य प्रदेशTechnical Employees' Union में नई जिम्मेदारियाँ तय, आगर मालवा वृत्त की कार्यकारिणी...

Technical Employees’ Union में नई जिम्मेदारियाँ तय, आगर मालवा वृत्त की कार्यकारिणी का गठन

Technical Employees’ Union : तकनीकी कर्मचारी संघ द्वारा संचालित संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत वृत्त की नवीन कार्यकारिणी का गठन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में तकनीकी कर्मचारियों की उपस्थिति रही, सभी उपस्थित कर्मचारियों ने नवगठित कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांतीय उपाध्यक्ष प्रदीप द्विवेदी जी ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी तकनीकी कर्मचारियों से संगठन से जुड़कर कर्मचारी हितों की लड़ाई को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की हर न्यायोचित मांग को संगठन पूरी मजबूती से उठाता रहेगा तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहेगा।

प्रांतीय सचिव  राम केवल यादव जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि तकनीकी कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं के निराकरण के लिए संगठन निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने संविदा कर्मियों के नियमितीकरण, तकनीकी कर्मचारी वर्गों की वेतन विसंगति, समयमान वेतनमान, पदोन्नति, रिक्त पदों पर भर्ती, नाइट अलाउंस, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, कार्यस्थल पर आवश्यक संसाधनों एवं अन्य कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि संगठन इन सभी मांगों को प्रबंधन के समक्ष मजबूती से रखकर उनका समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उज्जैन सचिव गजेन्द्र चौहान जी ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की शक्ति प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भागीदारी से बढ़ती है। उन्होंने सभी तकनीकी कर्मचारियों से संगठन की सदस्यता बढ़ाने, आपसी एकता बनाए रखने तथा प्रत्येक कर्मचारी की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया तथा संघ की वेबसाइट के माध्यम से सभी को जोड़ने की अपील की।

उज्जैन कार्यकारी अध्यक्ष शिवनाथ प्रसाद साहू जी ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि नई टीम पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ कर्मचारियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कारिणी संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए कर्मचारी हितों की रक्षा एवं समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

प्रचार सचिव शुभम सिंह जी ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके जागरूक और संगठित कर्मचारी हैं। उन्होंने सभी तकनीकी कर्मचारियों से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा प्रत्येक साथी की आवाज़ बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल समस्याएँ उठाना नहीं, बल्कि उनका समाधान कराना भी है जो तकनीकी कर्मचारी संघ के नेतृत्व में ही संभव है।

कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं उपस्थित कर्मचारियों ने नवगठित वृत्त कार्यकारिणी को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। सभी ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, तकनीकी कर्मचारियों की एकता बनाए रखने तथा उनकी न्यायोचित मांगों के समाधान हेतु निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर संघ के उक्त प्रांतीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों सहित आगर जिले से नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अमित गोले, उपाध्यक्ष अभिषेक सेन, रामविलास सिंह, प्रमोद धुर्वे, शशांक ठाकुर, विनोद शर्मा, राम लखन मीणा एवं तमाम तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Latest News