Friday, April 17, 2026
Homeमध्य प्रदेशजबलपुर के पाटन में युवती हत्या मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार, वैलेंटाइन...

जबलपुर के पाटन में युवती हत्या मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार, वैलेंटाइन डे पर प्रेमिका का किया था मर्डर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर के पाटन थाना क्षेत्र की नुनसर चौकी के तहत हुई किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मदनमहल के कालीमठ इलाके से पकड़ा गया। इसके साथ ही इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।

पुलिस के मुताबिक 15 फरवरी 2026 को ग्राम सिमरिया स्थित एमएम इंटरनेशनल स्कूल के पीछे कच्ची सड़क किनारे एक अज्ञात किशोरी का शव मिला था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पाटन गोपिन्द्र सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे। युवती के सिर और चेहरे पर गहरी चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका साफ हो गई थी।

पहचान के बाद खुला साजिश का राज

जांच के दौरान मृतका की पहचान गढ़ा निवासी तनु चक्रवर्ती (18 वर्ष 6 माह) के रूप में हुई। परिजनों ने उसके प्रेमी योगेश उर्फ ईशु गौंड पर शक जताया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरी साजिश सामने आ गई।

आरोपी ने बताया कि तनु उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जबकि वह शादी नहीं करना चाहता था।

इसी वजह से उसने 14 फरवरी वैलेंटाइन डे पर उसे मिलने बुलाया। शादी में जाने का बहाना बनाकर युवती वहां पहुंची, जहां पहले से उसके तीन साथी मौजूद थे। जहां गला दबाकर और पत्थर से वार कर हत्या की गई थी.

पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी योगेश उर्फ ईशु गौंड, पंकज बर्मन और राजा उर्फ अंकित श्रीवास को गिरफ्तार कर चुकी थी। फरार चौथे आरोपी अमन केवट (18) निवासी सर्वेन्ट क्वार्टर पचपेढ़ी को मुखबिर की सूचना पर कालीमठ, मदनमहल से पकड़ा गया। घटना के समय पहने कपड़े भी जब्त किए गए हैं।

आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या पूरी तरह प्लान बनाकर की गई थी। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Latest News