Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशतेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक को मारी टक्कर, 3 की मौके...

तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक को मारी टक्कर, 3 की मौके पर मौत

रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के कोष्टा गांव के पास तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। खुशियों से भरा घर पल भर में मातम में बदल गया।


टक्कर इतनी तेज कि बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑडी कार और बाइक दोनों रीवा से मनगवां की ओर जा रहे थे। कार की रफ्तार बेहद तेज थी। पीछे से जोरदार टक्कर लगते ही बाइक सवार युवक हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।


भगवान को चढ़ाने जा रहे थे बेटे की शादी का पहला कार्ड

प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान शीतल विश्वकर्मा (निवासी रतहरा), भागवत विश्वकर्मा (निवासी चचाई) और शिवम विश्वकर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भागवत विश्वकर्मा के बेटे शुभम विश्वकर्मा की 25 फरवरी को शादी तय थी। इसी सिलसिले में भागवत अपने परिवार के साथ चिरहुला मंदिर भगवान को शादी का पहला कार्ड चढ़ाने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।


पुलिस मौके पर पहुंची, शव अस्पताल भेजे गए

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर कर्चुलियान थाना पुलिस और शहर की अन्य थानों की टीम मौके पर पहुंची। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। हादसा हाईवे पर होने के कारण लंबा जाम लग गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस द्वारा यातायात को सामान्य कराने की कोशिश की गई।


जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ऑडी कार चालक की लापरवाही व रफ्तार को लेकर तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।

Related Articles

Latest News