जबलपुर के प्रसिद्ध ग्वारीघाट में उस समय हड़कंप मच गया, जब होमगार्ड की गश्ती नाव अचानक नर्मदा नदी के तेज बहाव में पलट गई। हादसे के वक्त नाव में करीब 12 लोग सवार बताए जा रहे हैं। नाव के पलटते ही सभी लोग नदी के तेज बहाव में बहने लगे। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गनीमत रही कि नाव में सवार सभी लोगों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। इसके चलते लोगों को पानी में कुछ सहारा मिला और बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि नर्मदा में पानी का बहाव तेज होने के कारण कई लोग नाव से दूर तक बहने लगे।
स्थानीय नाविकों ने संभाला मोर्चा
हादसे के समय ग्वारीघाट पर मौजूद स्थानीय नाविकों ने तुरंत मोर्चा संभाला। लोगों को नदी में बहता देख नाविकों ने बिना देर किए रेस्क्यू शुरू कर दिया। तेज बहाव के बीच नाविकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में बह रहे लोगों को बचाने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद दरोगा घाट के पास नाव में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय नाविकों की तत्परता के चलते समय रहते सभी लोगों को बचा लिया गया। अगर रेस्क्यू में थोड़ी भी देरी होती तो तेज बहाव के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
इंजन बंद होने से पलटी नाव
वहीं, गश्ती नाव चला रहे भानु ने हादसे की वजह बताते हुए कहा कि नाव का इंजन अचानक बंद हो गया था। इंजन बंद होने के बाद नाव पर नियंत्रण नहीं रहा और नर्मदा के तेज बहाव के कारण नाव पलट गई। इसके बाद नाव में सवार लोग पानी में गिर गए और बहने लगे।
हादसे के बाद ग्वारीघाट पर मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल देखने को मिला। फिलहाल सभी नाव सवारों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हादसे ने एक बार फिर नर्मदा के तेज बहाव के बीच नाव संचालन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।










