Thursday, April 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशजनभागीदारी समिति की बैठक में महाविद्यालय विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

जनभागीदारी समिति की बैठक में महाविद्यालय विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

जबलपुर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय महाकौशल महाविद्यालय, जबलपुर में जनभागीदारी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें महाविद्यालय के समग्र विकास को केंद्र में रखते हुए अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर उन्हें पारित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष आशीष राव ने की। इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर अरुण शुक्ला, प्रोफेसर डॉ. अलकेश चतुर्वेदी, डॉ. ज्योति जुनगारे, डॉ. संघप्रिया तिवारी, डॉ. चित्रा राय, डॉ. राजीव मिश्रा, वित्त अधिकारी सुरेश कतिया, सदस्य राधाकृष्ण पांडे सांसद प्रतिनिधि सहित अन्य जनभागीदारी सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में महाविद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनरेटर की व्यवस्था तथा आईटी संसाधनों के विस्तार से संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही, पुस्तकालय के आधुनिकीकरण हेतु आरएफआईडी (RFID) प्रणाली लागू करने पर भी सहमति बनी, जिससे पुस्तक प्रबंधन अधिक प्रभावी और पारदर्शी हो सके।

महाविद्यालय के कर्मचारियों के स्थानांतरण को रोस्टर के आधार पर किए जाने के प्रस्ताव को भी समिति ने अनुमोदित किया। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। इस क्रम में महाविद्यालय परिसर में बास्केटबॉल कोर्ट एवं रनिंग ट्रैक के निर्माण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने महाविद्यालय को उत्कृष्टता की दिशा में अग्रसर करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया और भविष्य में भी इसी प्रकार विकासोन्मुख निर्णय लेने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
यह बैठक महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं भौतिक विकास को नई दिशा देने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related Articles

Latest News