जबलपुर। शहर के गौरीघाट थाना क्षेत्र में वैवाहिक जालसाजी का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक संगठित गिरोह ने विवाह संपन्न कराने का झांसा देकर एक युवक के साथ 35 हजार रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कदम न उठाए जाने से पीडि़त न्याय के लिए भटक रहा है।
घटनाक्रम के अनुसार, पीडि़त युवक को पहले झांसा दिया गया कि उसके लिए एक योग्य वधू मिल गई है। गिरोह की मुख्य सदस्य युवती ने अपने दो पुरुष सहयोगियों के साथ मिलकर युवक को ग्वारीघाट के पास लड़की दिखाने के बहाने बुलाया।
युवक जब निर्धारित स्थान पर पहुँचा, तो आरोपियों ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया और शादी की औपचारिकताएं पूरी करने के नाम पर रुपयों की मांग शुरू कर दी।
आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से युवक पर दबाव बनाया और कुछ राशि नगद एवं कुछ ऑनलाइन माध्यमों से रुपये प्राप्त कर लिए।
He disappeared after receiving the money.
पैसे मिलते ही आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए और मौके से गायब हो गए। ठगी का एहसास होने पर पीडि़त ने तत्काल ग्वारीघाट थाना पुलिस को सूचना दी। लिखित शिकायत में घटना का विस्तृत विवरण और लेनदेन के साक्ष्य भी प्रस्तुत किए गए हैं।
इसके बावजूद अब तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से उनके हौसले बुलंद हैं। पीडि़त ने अब इस पूरे प्रकरण की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से करने का मन बना लिया है।











