Homeमध्य प्रदेशजबलपुर : रांझी में गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़े दामों के...

जबलपुर : रांझी में गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़े दामों के खिलाफ युवा कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर के रांझी स्थित मस्ताना चौक में गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों के विरोध में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया.

आमजन को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने और हाल ही में कीमतों में बढ़ोतरी से नाराज कार्यकर्ताओं ने चौक पर सिलेंडर रखकर विरोध जताया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.

युवा कांग्रेस केंट अध्यक्ष एडवोकेट सौरभ सिंह ने बताया कि क्षेत्र में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत बनी हुई है, जिससे आम लोग काफी परेशान हैं. लोगों को सिलेंडर प्राप्त करने के लिए बार-बार गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है.

उन्होंने कहा कि इस समस्या के बीच प्रति सिलेंडर लगभग 60 रुपये की बढ़ोतरी ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर देश को विश्वगुरु बनाने की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है.

उन्होंने कहा कि रसोई गैस जैसी आवश्यक सुविधा का समय पर उपलब्ध न होना शासन-प्रशासन की विफलता को दर्शाता है.
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति की समस्या का समाधान नहीं किया गया और कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की और समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की.

प्रदर्शन में सौरभ यादव, राजेश यादव, पूर्व पार्षद मनोज लोधी, एडवोकेट राजेंद्र मिश्रा, रविंद्र कुशवाहा, आशु वत्स, सोनू कुकरेले, इंद्रजीत कुशवाहा, महिला नेत्री रीना विश्वकर्मा सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए.

Related Articles

Latest News