Wednesday, October 21, 2026
Homeमध्य प्रदेशजबलपुर समेत 19 जिलों में 27 अक्टूबर को लगेंगे EPFO और ESIC...

जबलपुर समेत 19 जिलों में 27 अक्टूबर को लगेंगे EPFO और ESIC के संयुक्त शिविर

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), क्षेत्रीय कार्यालय जबलपुर और कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के सदस्यों की समस्याओं के समाधान के लिए 27 अक्टूबर 2026 को संयुक्त रूप से ‘निधि आपके निकट 2.0’ और ‘सुविधा समागम’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। ये शिविर जबलपुर के क्षेत्रीय कार्यालय के साथ-साथ प्रशासनिक क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले 18 अन्य जिलों में भी लगाए जाएंगे। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II परितोष कुमार ने बताया कि इन शिविरों में कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और नियोक्ताओं की शिकायतें दर्ज कर उनका उचित निराकरण किया जाएगा। पेंशनभोगियों की सहायता के लिए पेंशन हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा अक्टूबर माह के ‘प्रयास’ कार्यक्रम के तहत पेंशन भुगतान आदेश (PPO) भी वितरित किए जाएंगे।

इन 19 जिलों में आयोजित होंगे शिविर

जबलपुर के अलावा सतना, शहडोल, कटनी, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, रीवा, उमरिया, मंडला, डिंडोरी, नरसिंहपुर, अनूपपुर, बालाघाट, सिवनी, सीधी, पन्ना, मैहर, मऊगंज और पांढुर्णा में जिला प्रशासन के सहयोग से कलेक्ट्रेट परिसर या किसी उपयुक्त संस्थान में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में EPFO के प्रवर्तन अधिकारी, लेखा अधिकारी, अनुभाग पर्यवेक्षक और सामाजिक सुरक्षा सहायक की टीमें मौजूद रहेंगी। ये टीमें भविष्य निधि सदस्यों की शिकायतों का पंजीकरण कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगी। इसका उद्देश्य कर्मचारियों और नियोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

‘निधि आपके निकट 2.0’ में इन योजनाओं पर रहेगा जोर

परितोष कुमार के अनुसार, अक्टूबर माह में ‘निधि आपके निकट 2.0’ की थीम ‘विवाद से विश्वास: जागरूकता एवं समाधान’ और प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) पर केंद्रित रहेगी। इसके साथ ही 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित ‘कर्मचारी नामांकन अभियान-2026’ के अंतर्गत नियोक्ताओं को ऐसे कर्मचारियों का स्वेच्छा से नामांकन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जो अब तक भविष्य निधि की सदस्यता से वंचित हैं। शिविरों में 17 सितंबर 2026 से लागू प्रावधानों के तहत 25,000 रुपये तक वेतन पाने वाले पात्र कर्मचारियों को भविष्य निधि की सदस्यता का लाभ दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

शिकायतों के समाधान के लिए बनाई गई नोडल टीम

संयुक्त शिविरों के सफल आयोजन के लिए एक नोडल टीम का गठन भी किया गया है। यह टीम विभिन्न जिलों में तैनात टीमों के संपर्क में रहेगी और उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगी। साथ ही, शिकायतों के निराकरण से संबंधित जरूरी जानकारी भी मैदानी टीमों तक पहुंचाएगी। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II परितोष कुमार ने उम्मीद जताई कि इन शिविरों से भविष्य निधि सदस्यों, पेंशनभोगियों और नियोक्ताओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित लोगों से अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर समस्याएं दर्ज कराने की अपील की, ताकि उन्हें समाधान के लिए जबलपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय तक आने की आवश्यकता न पड़े। शिविरों से संबंधित विस्तृत जानकारी संगठन के सोशल मीडिया हैंडल पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।

Related Articles

Latest News