Homeमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश बना देश का सबसे तेज़ी से आगे बढ़ने वाला राज्य :...

मध्यप्रदेश बना देश का सबसे तेज़ी से आगे बढ़ने वाला राज्य : अमित शाह

ग्वालियर/भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा है कि मध्यप्रदेश आज देश का सबसे तेज़ी से आगे बढ़ने वाला राज्य बन चुका है। पारदर्शी प्रशासन, निवेश-अनुकूल नीतियों और मजबूत नेतृत्व के चलते प्रदेश ने इस वर्ष सर्वाधिक निवेश आकर्षित किया है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में निवेश करना हर दृष्टि से लाभकारी है—यहां थोड़े निवेश से भी करोड़ों की कमाई संभव है।

अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट में 2 लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का भूमिपूजन, निवेशकों को बड़ा भरोसाश्री शाह ग्वालियर के मेला मैदान में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर आयोजित “अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट” को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भारत के शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने में मध्यप्रदेश की भूमिका निर्णायक होगी।

2 लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का सामूहिक भूमिपूजन

केंद्रीय गृह मंत्री ने प्रदेशभर में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्थापित होने वाली औद्योगिक एवं निर्माण इकाइयों का सामूहिक भूमिपूजन किया।

इसके साथ ही 5,810 करोड़ रुपये की औद्योगिक व सड़क विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। 860 वृहद औद्योगिक इकाइयों को 725 करोड़ रुपये की निवेश प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक से वितरित की गई।

कार्यक्रम में निवेशकों को लेटर ऑफ इंटेंट एवं भूमि आवंटन पत्र भी प्रदान किए गए। साथ ही प्रदेश के औद्योगिक विकास पर आधारित कॉफी टेबल बुक एवं निवेश पुस्तिका का विमोचन किया गया।

ई-जीरो एफआईआर की शुरुआत, एमपी दूसरा राज्य

श्री शाह ने साइबर अपराधों से निपटने के लिए ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का शुभारंभ किया। इस व्यवस्था को लागू करने वाला मध्यप्रदेश देश का दूसरा राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि यह कदम नागरिकों की सुरक्षा और डिजिटल विश्वास को मजबूत करेगा।

कॉटेज इंडस्ट्री हब बनेगा मध्यप्रदेश

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश लघु एवं कुटीर उद्योग के क्षेत्र में देश का कॉटेज इंडस्ट्री हब बनने जा रहा है। एक वर्ष में 4.57 लाख से अधिक एमएसएमई पंजीकरण इसका प्रमाण हैं। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में प्रदेश अग्रणी है और भारत शीघ्र ही इस क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व करेगा।

अटल जी को सच्ची श्रद्धांजलि

श्री शाह ने कहा कि “अभ्युदय मध्यप्रदेश” में सहभागी बनना ही स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने अटल जी के राष्ट्रनिर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि सड़क, अधोसंरचना, परमाणु शक्ति और सुशासन की नींव उन्हीं के नेतृत्व में पड़ी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश निवेश, रोजगार और समावेशी विकास का नया मॉडल गढ़ रहा है।

प्रदेश में 18 नई उद्योग-अनुकूल नीतियां, विस्तृत लैंड बैंक, मजबूत लॉजिस्टिक्स और पारदर्शी प्रशासन निवेशकों को सर्वोत्तम वातावरण दे रहे हैं। उन्होंने निवेशकों से “भारत के दिल” मध्यप्रदेश से दीर्घकालिक साझेदारी का आह्वान किया।

अन्य प्रमुख वक्ता

केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर की धरती से प्रदेश के विकास को नई गति मिली है। विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने इसे अटल जी के कृतित्व को समर्पित ऐतिहासिक आयोजन बताया।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यह दिन क्षेत्र के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा।

कार्यक्रम में उच्च रोजगार सृजन करने वाले उद्योगपतियों का सम्मान किया गया तथा विज़न-2047 पर आधारित औद्योगिक विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया।

अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट ने प्रदेश को निवेश, उद्योग और रोजगार के नए शिखर की ओर अग्रसर करने का सशक्त संदेश दिया।

Related Articles

Latest News