Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशमध्‍य प्रदेश का मौसम: आज 14 जिलों में बारिश का अलर्ट, कई...

मध्‍य प्रदेश का मौसम: आज 14 जिलों में बारिश का अलर्ट, कई शहरों में चल सकती हैं तेज हवाएं

भोपाल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से आज मुरैना, ग्वालियर, भिंड, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी और गुना में हल्की बारिश हो सकती है और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। राजधानी भोपाल में भी सुबह से बादल छाए हुए हैं, जबकि कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। वहीं आज रविवार को जबलपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ सहित 14 जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह बारिश का अलर्ट है। इस दौरान दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी, लेकिन सिस्टम के आगे जाने के बाद ठंड का असर बढ़ जाएगा। अगले 2 दिन बाद फिर से पारा लुढ़क जाएगा। शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहे।

आज रविवार को जबलपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, कटनी, डिंडौरी, मंडला, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में गरज-चमक और बूंदाबांदी हो सकती है। 13 जनवरी को मौसम खुला रहेगा। कहीं भी बारिश होने का अनुमान नहीं है। 14 जनवरी को भोपाल, राजगढ़, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, श्योपुर, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया और शिवपुरी में बादल रहेंगे। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।

शनिवार को दिन के तापमान की बात करें तो ग्वालियर में अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री, पचमढ़ी में 22.7 डिग्री, रायसेन में 24.2 डिग्री, नरसिंहपुर में 23 डिग्री, रीवा में 24 डिग्री, नौगांव में 24.8 डिग्री, सतना में 25 डिग्री, सीधी में 24.2 डिग्री, मलाजखंड में 24.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, उमरिया, सिवनी, जबलपुर, दमोह, भोपाल, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, खरगोन, उज्जैन में तापमान 27 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

शनिवार रात में शहडोल के कल्याणपुर में 4.5 डिग्री, रीवा में 5 डिग्री, मंडला में 5.4 डिग्री और अमरकंटक में पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बड़े शहरों में जबलपुर में सबसे कम 7.5 डिग्री, भोपाल में 8.5 डिग्री, ग्वालियर में 9.5 डिग्री, उज्जैन में 11.8 डिग्री और इंदौर में पारा 14.2 डिग्री रहा।

Related Articles

Latest News