जबलपुर शहर में सोमवार को विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई का एक नया तरीका अपनाया गया। दरअसल, ऐसे मोहल्लों और क्षेत्रों में, जहां एक ही ट्रांसफार्मर से जुड़े बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाया होते हैं, सभी बकायादारों के कनेक्शन अलग-अलग काटना विभाग के लिए चुनौतीपूर्ण होता है।
इस दौरान विवाद और झड़प जैसी स्थितियां भी उत्पन्न हो जाती हैं। इन परिस्थितियों से बचने और बकायादार उपभोक्ताओं के कनेक्शन प्रभावी तरीके से काटने के लिए बिजली विभाग ने विशेष रूप से चिन्हित ट्रांसफार्मरों पर नई व्यवस्था लागू की। इसके तहत जिन उपभोक्ताओं ने अपने बिजली बिल जमा कर दिए हैं, उन्हें एक फेस पर शिफ्ट किया गया, जबकि बकायादार उपभोक्ताओं को शेष दो फेस पर स्थानांतरित कर ट्रांसफार्मर स्तर से ही संबंधित सर्किट बंद कर दिए गए। इस कार्रवाई के माध्यम से एक साथ बड़ी संख्या में बकायादार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किए गए।इस तरह के सख्त रुख विभाग को इसलिए अपनाना पड़ा क्योंकि विभाग द्वारा अगर ऐसे लोगों के कनेक्शन काटे भी जा रहे थे, तो उनमें से अधिकतर लोग गैर कानूनी रूप से रात में कनेक्शन जोड़ ले रहे थे।
इस सिलसिले में पूर्व संभाग अंतर्गत गुरन्दी के पास स्थित मछली मार्केट का क्षेत्र, मदारटेकड़ी के पास स्थित टेड़ीनीम का क्षेत्र, भरतीपुर चर्च के आसपास का क्षेत्र, उत्तर संभाग अंतर्गत मोहनिया स्थित सामुदायिक भवन, विजयनगर संभाग में प्रभात नगर में एक एवं चमन नगर क्षेत्र में दो ट्रांसफार्मर, दक्षिण संभाग में ललपुर के निकट शिवराजपुर क्षेत्र एवं भिटौली का ट्रांसफार्मर, पश्चिम संभाग में उजारपुरवा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर सर्किट बंद कर लगभग २००० आदतन विद्युत बकायादारों की विद्युत आपूर्ति बंद की गई जिन पर लगभग एक करोड़ की बकाया राशि है।
सितम्बर माह के प्रथम सप्ताह में ऐसे बकायादारों पर ड्यूज रिकवरी एक्ट की कार्यवाही के तहत कुर्की की कार्यवाही कर बिजली बिलों की बकाया राशि की सख्ती से वसूल की जायेगी।








