Wednesday, July 22, 2026
Homeमध्य प्रदेशMajor road accident : मंडला जिले के बीजाडांडी में बस पलटी, 27...

Major road accident : मंडला जिले के बीजाडांडी में बस पलटी, 27 घायल, 11 जबलपुर भेजे गए

Major road accident : मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ग्राम मोईयानाला के पास दुर्ग (छत्तीसगढ़) से वृंदावन जा रही यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया।

Major road accident : मेडिकल कॉलेज अस्पताल जबलपुर रेफर

हादसे में करीब 27 यात्री घायल हो गए, जिनमें 11 की हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल जबलपुर रेफर किया गया है. बस क्रमांक सीजी07सीटी-8001 शनिवार सुबह लगभग 5:30 बजे जनपद पंचायत बीजाडांडी की ग्राम पंचायत ढुढवा अंतर्गत ग्राम मोईयानाला के पास पहुंची थी. इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस अनियंत्रित होकर पलट गई. बस में लगभग 52 यात्री सवार थे, जो धार्मिक यात्रा पर दुर्ग से वृंदावन जा रहे थे.

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई

दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्राम मोईयानाला तथा आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की. सूचना मिलने पर थाना प्रभारी बीजाडांडी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.

चिकित्सकों और स्टाफ ने सभी का उपचार किया

सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी लाया गया, जहां बीएमओ सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और स्टाफ ने उनका उपचार किया. गंभीर रूप से घायल 11 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल चिकित्सालय जबलपुर रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज बीजाडांडी में जारी है.

घटना की जानकारी मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) निवास, एसडीओपी निवास, नायब तहसीलदार बीजाडांडी, ग्राम पंचायत बीजाडांडी के सरपंच तथा प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची. प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

Related Articles

Latest News