Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशएक गोत्र होने पर शादी से इनकार, टॉवर पर चढ़ी गर्लफे्रंड, पुलिस...

एक गोत्र होने पर शादी से इनकार, टॉवर पर चढ़ी गर्लफे्रंड, पुलिस और परिजन के सामने फेरे कराने की शर्त रखी

खातेगांव (देवास)। एमपी के देवास में एक नाबालिगा अपने प्रेमी से शादी करने की जिद में मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। लड़की को टॉवर पर चढ़ा देखकर गांव वाले घबरा गए।

उन्होंने पुलिस की डायल 112 पर सूचना दी। कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। गांव वाले लड़की को समझाने का प्रयास करने लगे।

बताया गया है कि लड़की टॉवर पर चढऩे के बाद राहुल नाम के युवक और परिजनों को बुलाने की जिद कर रही थी। कह रही थी कि मुझे राहुल से ही शादी करनी है, परिवार नहीं मान रहा है, इससे वह परेशान है।

लड़की का कहना था कि जब तक उसकी बात नहीं मानी जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगी। बताया जा रहा है कि युवक और लड़की का गोत्र एक है। इसलिए परिजन रिश्ते के खिलाफ थे, इसी बात को लेकर घर में विवाद चल रहा था। यह घटनाक्रम करीब डेढ़ घंटे तक चला।

जब कुछ ग्रामीण उसे समझाने के लिए टॉवर पर चढऩे लगे तो लड़की ने वहां से छलांग लगा देने की धमकी दे दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की चिंता और बढ़ गई। ग्रामीणों की पहल पर लड़की के प्रेमी को भी मौके पर बुलाया गया। युवक और उसके परिजनों ने उससे बातचीत की। उसे समझाने का प्रयास किया।

काफी देर तक चली बातचीत के बाद लड़की का गुस्सा और तनाव कुछ कम हुआ। युवक और परिजनों की समझाइश के बाद लड़की टॉवर से नीचे सुरक्षित उतर गई। मौके पर पहुंची पुलिस सहित अन्य लोगों ने लड़की को समझाया कि 18 वर्ष की उम्र होने में अभी तीन महीने बाकी है।

इसके बाद दोनों की शादी करवा देंगे। इसके बाद वह मानी। लड़का-लड़की दोनों को फिलहाल रिश्तेदार के यहां भेज दिया गया है।

Related Articles

Latest News