जबलपुर। जबलपुर के बरेला-निवास रोड पर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब दो मोटर साइकलों में आमने सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार पति की मौत हो गई। वहीं पत्नी गंभीर रुप से घायल हो गई। हादसा उस वक्त हुआ है जब दम्पति जवारा पूजन करके अपने घर लौट रहे थे।
बताया गया है कि ग्राम बिछिया निवासी अनूप सिंह बरकड़े अपनी पत्नी रामप्यारी को लेकर मोटर साइकल से ग्राम भलवारा स्थित जमुनेश्वरी धाम में जवारा पूजन करने के लिए गए।
जहां पर विधि विधान से पूजन करने के बाद दोनों अपने घर के लिए रवाना हुआ। जब वे बरेला से निवास की ओर बढ़ रहे थे, इस दौरान ग्राम गुंदलई के पास सामने से आ रही मोटर साइकल से भिडंत हो गई। भिड़ंत में दोनों मोटर साइकल के परखच्चे उड़ गए, वहीं बाइक सवार अनूपसिंह के शरीर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं पत्नी रामप्यारी उछलकर दूर जा गिरी, जिससे उनके हाथ व पैर में गंभीर चोटें आई। राह चलते लोगों ने देखा तो पुलिस को खबर देते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जहां पर डाक्टरों ने अनूप सिंह को जांच के बाद भी मृत घोषित कर दिया, वहीं पत्नी रामप्यारी को भरती कर लिया। दूसरी मोटर साइकल में सवार घायल राजू मरावी पिता शंकर निवासी ग्राम जरहेटी का उपचार किया गया। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है।








