MP Weather Alert : मध्य प्रदेश में मौसम ने कई रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्री-मानसून गतिविधियों के चलते कहीं झमाझम बारिश हो रही है तो कहीं 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार पाकिस्तान और राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा मध्य प्रदेश से गुजर रही ट्रफ लाइन के प्रभाव से प्रदेश में कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। इसी के चलते 14 जून को भी राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।
MP Weather Alert : IMD ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने 14 जून की सुबह तक के लिए राज्य के कई जिलों में भारी आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली (वज्रपात) चमकने की गंभीर चेतावनी जारी की है. सीहोर, ग्वालियर, भिंड, जबलपुर, दमोह और सागर जिलों में मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक हो सकता है, जहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई गई है.
MP Weather Alert :जिलों में मौसम का क्या हाल रहा –
इसके अलावा राजधानी भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में भी मौसम बिगड़ा रहेगा. इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. शेष जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है.
अगर सबसे कम दिन के तापमान (अधिकतम तापमान) वाले जिलों को देखें तो शिवपुरी में पारा सबसे कम 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा. रीवा में 35.2 डिग्री सेल्सियस, सिवनी में 35.4 डिग्री सेल्सियस, पचमढ़ी में 36.0 डिग्री सेल्सियस और सतना में 36.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.
कहां हुई अच्छी बारिश दर्ज –
पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है. डिंडोरी के बजाग में सबसे ज्यादा 43.0 मिलीमीटर पानी गिरा. विदिशा के लटेरी में 42.0 मिमी, उमरिया के नौरोजाबाद में 37.6 मिमी, पाली में 35.2 मिमी, मुरैना के अंबाह में 35.0 मिमी, अशोकनगर के मुंगावली में 32.0 मिमी और छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा में 25.2 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा सागर, श्योपुर, पचमढ़ी, ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों में भी हल्की से मध्यम बौछारें पड़ीं.
बारिश के साथ ही कई जिलों में बेहद तेज आंधी भी चली. जबलपुर में हवाओं की रफ्तार सबसे ज्यादा 74 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जबकि सीहोर में 72 किमी/घंटा, अशोकनगर में 59 किमी/घंटा, ग्वालियर में 57 किमी/घंटा और भोपाल में 56 किमी/घंटे की रफ्तार से धूलभरी और झोंकेदार हवाएं चलीं. नर्मदापुरम, श्योपुर, विदिशा, छतरपुर, कटनी और पन्ना समेत कई जिलों में धूलभरी आंधी का असर देखा गया.











