MP Weather Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य को पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में बांटते हुए बताया है कि पूर्वी हिस्से के जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग में कई स्थानों पर झमाझम से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं, भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग समेत पश्चिमी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। ऐसे में लोगों को मौसम को देखते हुए ही यात्रा और अन्य जरूरी कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश के पूर्वी जिलों में मौसम का हाल –
मौसम विभाग ने पूर्वी हिस्से के जिलों के लिए विशेष तौर पर भारी बारिश और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे तेज बारिश और आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें.
जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और सिवनी जिलों में घने बादल छाए रहेंगे तथा कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। रुक-रुककर होने वाली तेज बारिश से मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। वहीं, रीवा, सतना, सीधी और सिंगरौली समेत विंध्य क्षेत्र में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान है।
शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा, जहां भारी वर्षा के चलते नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं। इसके अलावा सागर, दमोह और छतरपुर सहित बुंदेलखंड के जिलों में दिनभर बादलों का डेरा रहने के साथ गरज-चमक और अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है।
मध्य प्रदेश के पश्चिमी जिलों की बात करें तो –
पश्चिमी हिस्से में 18 जुलाई को बारिश बिखरी हुई या छिटपुट होगी, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आंधी-तूफान जैसी स्थिति बन सकती है. इस इलाके में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (Gusty Winds) चल सकती हैं, जो बढ़कर 60 किमी/घंटे तक पहुंच सकती हैं.
भोपाल, सीहोर, विदिशा और रायसेन में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी तथा हल्की से मध्यम बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। बीच-बीच में धूप निकलने से उमस बढ़ेगी, लेकिन शाम के समय तेज हवाओं के साथ होने वाली बारिश लोगों को राहत देगी। वहीं, इंदौर, धार, झाबुआ और अलीराजपुर में मानसून की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रहेगी, हालांकि हल्की बारिश या बूंदाबांदी से मौसम सुहावना बना रहेगा।
उज्जैन, देवास और शाजापुर में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारों की संभावना है, जबकि तेज हवाएं गर्मी और उमस से राहत दिलाएंगी। दूसरी ओर ग्वालियर, चंबल और शिवपुरी क्षेत्र में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है। यहां आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश होने के आसार हैं, हालांकि भारी बारिश की संभावना फिलहाल कम बताई गई है।











