मध्य प्रदेश में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं, जबकि कुछ इलाकों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, 22 अक्टूबर को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम समेत कई जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है।
राजधानी भोपाल में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना भी जताई है, जिससे रात और सुबह के समय हल्की ठंड का एहसास बढ़ सकता है।








