Homeमध्य प्रदेशMPPGCL: ताप विद्युत इकाइयों ने लगातार 100 दिन बिजली उत्पादन कर रचा...

MPPGCL: ताप विद्युत इकाइयों ने लगातार 100 दिन बिजली उत्पादन कर रचा इतिहास

जबलपुर, । मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (MPPGCL) की की दो ताप विद्युत इकाइयों ने अक्टूबर माह में लगातार 100 दिनों तक विद्युत उत्पादन कर परिचालन विश्वसनीयता और कार्यकुशलता का उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। सिंगाजी ताप व‍िद्युत गृह दोंगलिया ‍(एसएसटीपीपी) की 660 मेगावाट क्षमता वाली यून‍िट नंबर-4 ने 16 जुलाई 2026 से और संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंगपुर (एसजीटीपीएस) की 500 मेगावाट क्षमता वाली यून‍िट नंबर-5 ने 22 जुलाई 2026 से लगातार 100 दिनों तक व‍िद्युत ‍संचालन का महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल किया। दोनों ताप व‍िद्युत गृहों की यह उपलब्धि परिचालन उत्कृष्टता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस उपलब्धि पर एमपीपीजीसीएल के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने दोनों विद्युत गृहों की अभ‍ियंताओं व तकनीकी कार्म‍िकों की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्प‍ित कार्य कंपनी के लिए गौरव का विषय है।
सिंगाजी ताप व‍िद्युत गृह (एसएसटीपीपी) की यूनिट नंबर-4 ने 100 दिनों के निरंतर संचालन के दौरान 88.61 प्रतिशत प्लांट अवेलेबिलिटी फैक्टर (पीएएफ) और 79.22 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) दर्ज किया। इस दौरान ऑक्जिलरी पावर कंजम्पशन (एपीसी) 5.16 प्रतिशत रहा।
वहीं, संजय गांधी ताप विद्युत गृह (एसजीटीपीएस) की यूनिट नंबर-5 ने इसी अवधि में 98.26 प्रतिशत पीएएफ और 97.92 प्रतिशत पीएलएफ हासिल किया, जबकि एपीसी 5.71 प्रतिशत रहा। विशेष रूप से एसजीटीपीएस इकाई का 97.92 प्रतिशत पीएलएफ उसके उच्च परिचालन प्रदर्शन को रेखांकित करता है।
प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने दोनों विद्युत गृहों के संचालन, संधारण व सहयोगी टीमों के समर्पित प्रयासों, तकनीकी दक्षता और आपसी समन्वय को इस उपलब्धि का आधार बताया। उन्होंने संबंधित अभ‍ियंताओं व तकनीकी कार्मिकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी विद्युत इकाइयों की विश्वसनीयता, दक्षता और प्रदर्शन के उच्च मानक बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस तरह का निरंतर प्रदर्शन प्रदेश के विद्युत क्षेत्र के व्यापक हित में महत्वपूर्ण है। दोनों इकाइयों की उपलब्धियां एमपीपीजीसीएल की परिचालन क्षमता और टीमवर्क को दर्शाती हैं।
Related Articles

Latest News