रीवा। रीवा के सेमरिया थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस ने पहले नशे के दो आरोपियों राहुल सिंह निवासी शिवपुरवा और संदीप उर्फ हेमंत सिंह निवासी वार्ड क्रमांक 10 सेमरिया को पकड़ा था। आरोप है कि इन आरोपियों को बिना वैधानिक कागजी कार्रवाई के छोड़ दिया गया।
मामले की शिकायत और जांच के बाद यह बात सामने आई कि पुलिसकर्मियों द्वारा लापरवाही बरती गई और नियमों को दरकिनार किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों की गोपनीय जांच में प्रथम दृष्टया मिलीभगत और पद के दुरुपयोग की पुष्टि होने पर सख्त कार्रवाई की गई।
कार्यवाहक थाना प्रभारी विकास कपीस, उपनिरीक्षक रामयश रावत और आरक्षक सुजीत शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
अधिकारियों का साफ कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान में किसी भी तरह की ढिलाई या सांठगांठ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











