Thursday, October 22, 2026
Homeमध्य प्रदेशमध्‍य प्रदेश में अब आंधी के साथ लू चलने का अलर्ट, रातें...

मध्‍य प्रदेश में अब आंधी के साथ लू चलने का अलर्ट, रातें भी होंगी गर्म

भोपाल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे है। प्रदेश में कहीं तेज धूप तो कहीं बारिश का दौर जारी है। प्रदेश में अगले 4 दिन यानी, 21 मई तक दिन में लू चलेगी, जबकि रातें भी गर्म रहेंगी। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्से में तेज आंधी और बारिश का दौर भी रह सकता है। आज रविवार को भी 26 जिलों में मौसम के दो रंग देखने को मिलेंगे।

मौसम विभाग के अनुसार, तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम इन दिनों एक्टिव है। इनका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। इस कारण आंधी और बारिश हो रही है। वहीं, अब गर्मी का असर भी देखने को मिल रहा है। अगले चार दिन तक आंधी, बारिश के साथ लू का भी अलर्ट है।

आज रविवार को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, गुना, अशोकनगर में हीट वेव यानी, गर्म हवाएं चल सकती है। वहीं, सीधी और उमरिया में रातें गर्म रहेंगी। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री अधिक रह सकता है। दूसरी ओर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश, तेज आंधी चल सकती है।

प्रदेश में शनिवार को मौसम के दो रंग देखने को मिले। कहीं बारिश और तेज आंधी वाला मौसम रहा तो कहीं तेज गर्मी का असर देखने को मिला। बैतूल में 17 मिमी यानी, आधा इंच से ज्यादा पानी बरस गया। वहीं, नौगांव, सीधी, विदिशा, सिंगरौली, गुना में भी बारिश हुई।

दूसरी ओर प्रदेश के कई शहरों में गर्मी का असर देखा गया। सबसे गर्म छतरपुर का खजुराहो रहा। यहां तापमान 44.4 डिग्री दर्ज किया गया। छतरपुर के ही नौगांव में 44 डिग्री सेल्सियस रहा। सीधी और टीकमगढ़ में 43.6 डिग्री, दमोह-सतना में 43.5 डिग्री, शिवपुरी-गुना में 43.2 डिग्री, सागर में 43 डिग्री, रीवा में 42.8 डिग्री, मंडला में 42 डिग्री और रायसेन में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 44.2 डिग्री, जबलपुर में 41.2 डिग्री, भोपाल में 40.8 डिग्री, उज्जैन में 39.5 डिग्री और इंदौर में पारा 38.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पचमढ़ी में सबसे कम 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Latest News