सागर। एमपी के सागर स्थित शाहगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बदमाश ने ड्यूटी पर तैनात नर्स दीपशिखा की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर अस्पताल में ड्यूटी कर रहे कर्मचारी व नर्से दौड़कर बाहर आई तो देखा कि दीपशिखा खून से लथपथ हालत में पड़ी है। घटना के बाद हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकला।
पुलिस के अनुसार शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ नर्स दीपशिखा बीती रात नाइट ड्यूटी पर थी। रात 9 बजे के लगभग दीपशिखा किसी काम से स्वास्थ्य केन्द्र के गेट पर पहुंची तभी एक बदमाश आया और दीपशिखा को धक्का दे दिया, जैसे ही दीपशिखा जमीन पर गिरी तो उसने रिवाल्वर निकालकर दीपशिखा को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

गोली चलने की आवाज सुनकर कर्मचारी व नर्से दौड़कर बाहर आई तो देखा कि दीपशिखा खून से लथपथ हालत में पड़ी है। इस बीच आरोपी हवाई फायर करते हुए मौके से भाग निकला। नर्स की हत्या की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस की टीमें आरोपी को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। यहां तक कि आसपास के जिलों की पुलिस को भी सूचना दी गई है ताकि आरोपी को पकड़ा जा सके। इसके अवावा स्वास्थ्य केंद्र और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।











